1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. उत्तर प्रदेश में UNLOCK 4 के दौरान अधिकतर छूट के बावजूद कई जगहों पर रहेगी पाबंदी

उत्तर प्रदेश में UNLOCK 4 के दौरान अधिकतर छूट के बावजूद कई जगहों पर रहेगी पाबंदी

 Reported By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 30, 2020 10:05 pm IST,  Updated : Aug 30, 2020 10:05 pm IST

20 सितंबर तक शादी विवाह संबंधी समारोह में अधिकतम 30 और अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोगों की अनुमति होगी। 20 सितंबर के बाद शादी समारोह में अधिकतम 100 लोगों को बुलाया जा सकेगा।

Unlock 4 guidelines Uttar Pradesh- India TV Hindi
Unlock 4 guidelines Uttar Pradesh Image Source : AP

नोएडा: उत्तर प्रदेश में अनलॉक 4 को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी गई है जो 1 सितंबर से लागू होगी। इन गाइडलाइन में अधिकतर छूट के बावजूद कई जगहों पर पाबंदी रहेगी। राज्य में सिनेमा हाल, स्विमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थिएटर, सभागार को अब भी बंद रखा गया है। कंटेनमेंट जोन में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। 30 सितंबर तक स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे। 

नोएडा मेट्रो को 7 सितंबर से चलाने की अनुमति दे दी गई है। इससे पहले शनिवार को केंद्र की तरफ से जारी गाइलाइन में भी मेट्रो को हरी झंडी दी गई थी। इसके अलावा राज्य ममें सामाजिक, खेल, मनोरंजन, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जा सकते हैं लेकिन 100 से ज्यादा संख्या नहीं हो सकती। 20 सितंबर तक शादी विवाह संबंधी समारोह में अधिकतम 30 और अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोगों की अनुमति होगी। 20 सितंबर के बाद शादी समारोह में अधिकतम 100 लोगों को बुलाया जा सकेगा। 

कंटेनमेंट जोन के बाहर जिला अधिकारी द्वारा किसी तरह का लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। राज्य के अंदर व्यक्तियों और माल के आने जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। 21 सितंबर से स्कूलों में शिक्षण और गैर शिक्षण स्टाफ में 50 प्रतिशत तक कर्मचारियों को बुलाया जा सकता है। 21 सितंबर से कंटेनमेंट जोन के बाहर 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्वैच्छिक आधार पर स्कूल बुलाया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के 67 और मरीजों की मौत, 6233 नए मामले सामने आए

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 से 67 और मरीजों की मौत हो गई जबकि 6,233 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोविड-19 संक्रमित 67 लोगों की मौत हुई है। 

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा 11 मौतें कानपुर नगर में हुई हैं। इसके अलावा लखनऊ तथा प्रयागराज में आठ-आठ, गोरखपुर में चार, बलिया में तीन, वाराणसी, देवरिया, सहारनपुर, शाहजहांपुर, और फिरोजाबाद में दो-दो तथा मुरादाबाद, मेरठ, जौनपुर, अयोध्या, आजमगढ़, कुशीनगर, आगरा, गाजीपुर, महराजगंज, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बस्ती, पीलीभीत, सीतापुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मैनपुरी, मऊ, रायबरेली, ललितपुर, फतेहपुर, बागपत तथा कासगंज में एक एक मरीज की मृत्यु हुई है। 

उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में संक्रमण के 6,233 नए मामले सामने आए हैं। यह राज्य में एक दिन में सामने आए कोविड-19 मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। लखनऊ में सबसे ज्यादा 999 नए मामले सामने आए हैं । इसके अलावा प्रयागराज में 320, कानपुर नगर में 300, वाराणसी में 198, सहारनपुर में 191 और गाजियाबाद में 180 लोगों के कोरोन वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। 

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में इस वक्त 54,666 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। संक्रमित होने के बाद पूरी तरह से ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 1,67,543 है। इस तरह राज्य में कोविड-19 से ठीक होने की दर 74.25 प्रतिशत है। जबकि मृत्यु दर घटकर 1.15% रह गयी है। प्रसाद ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में 1,39,454 नमूनों की जांच की गई और अब तक प्रदेश में कुल 54,90,354 नमूनों की जांच की जा चुकी है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत