1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. उत्तर प्रदेश में कोविड-19 से 94 और लोगों की मौत, संक्रमण के 5,809 मामले सामने आए

उत्तर प्रदेश में कोविड-19 से 94 और लोगों की मौत, संक्रमण के 5,809 मामले सामने आए

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 20, 2020 05:42 pm IST,  Updated : Sep 20, 2020 08:35 pm IST

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 से 94 और लोगों के साथ प्रदेश में इस महामारी में जान गंवाने वालों की संख्या पांच हजार के पार हो गई है।

Uttar Pradesh coronavirus cases till 20 September 2020- India TV Hindi
Uttar Pradesh coronavirus cases till 20 September 2020 Image Source : PTI

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 से 94 और लोगों के साथ प्रदेश में इस महामारी में जान गंवाने वालों की संख्या पांच हजार के पार हो गई है। वहीं, इस अवधि में संक्रमण के 5,809 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रविवार (20 सितंबर) को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान 94 और कोविड-19 मरीजों की मौत के साथ राज्य में अब तक इस संक्रमण से मरने वालों की तादाद 5,047 हो गई है। 

कानपुर में कोरोना से सबसे ज्यादा 13 लोगों की हुई मौत

कानपुर नगर में सबसे ज्यादा 13 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा प्रयागराज में सात, लखनऊ में छह, मेरठ झांसी और देवरिया में चार-चार, गोरखपुर, वाराणसी, सहारनपुर, बाराबंकी, उन्नाव और बिजनौर में तीन-तीन, मुरादाबाद, बलिया, शाहजहांपुर, मथुरा, गाजीपुर, इटावा, सुल्तानपुर, बदायूं, रायबरेली और फतेहपुर में दो-दो, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, जौनपुर, महराजगंज, लखीमपुर खीरी, हरदोई, मुजफ्फरनगर, गोंडा, पीलीभीत, बस्ती, प्रतापगढ़, चंदौली, सोनभद्र, फिरोजाबाद, हापुड़, कौशांबी, कासगंज और हमीरपुर में कोरोना वायरस से संक्रमित एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। 

सबसे ज्यादा 874 नए मामले राजधानी लखनऊ में आए

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोविड-19 के 5,809 नए मरीजों के समाने आने की पुष्टि की गई। सबसे ज्यादा 874 नए मामले राजधानी लखनऊ में आए हैं। इसके अलावा कानपुर नगर में 394 और प्रयागराज में 302 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोविड-19 के 6,584 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई। प्रदेश में इस संक्रमण से उबरने वाले मरीजों का प्रतिशत 79.96% हो गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रदेश में 1,40,754 नमूनों की जांच की गई। इस तरह अब तक प्रदेश में 50,40,604 नमूनों की जांच हो चुकी है। 

सीएम योगी ने नयी जन सुविधा का लोकार्पण किया

प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक नयी जन सुविधा का लोकार्पण किया है। कई बार नमूनों की जांच कराने वालों को रिपोर्ट देर से मिल पाती है। इस समस्या को दूर करने के लिए एक नयी सुविधा शुरू की गई है। अब जांच कराने वाले लोग पोर्टल पर जाकर सीधे अपनी रिपोर्ट देख सकते हैं। सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने इस मौके पर बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर जैसे बड़े शहरों में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने, संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने की प्रणाली को मजबूत करने और एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र के माध्यम से बेहतर सेवाएं संचालित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में धान की खरीद आगामी एक अक्टूबर से होगी इसके लिए मुख्यमंत्री ने क्रय केंद्रों को सुचारु रुप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

गौतमबुद्ध नगर जिले में कोविड-19 के 125 नये मरीज सामने आए

गौतमबुद्ध नगर जिले में रविवार (20 सितंबर) को कोविड-19 के 125 नये मरीज सामने आए। वहीं इस अवधि में कोरोना वायरस संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिला निगरानी अधिकारी नीरज त्यागी ने बताया कि रविवार को 125 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 की वजह से रविवार को एक व्यक्ति की मौत हुई है। त्यागी ने बताया कि रविवार को 286 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई।

उनके अनुसार 1,678 लोगों का उपचार यहां के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 9,651 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले में अबतक 11,342 लोगों के कोविड-19 होने की पुष्टि हुई है जबकि संक्रमण की वजह से जिले में अबतक 49 लोगों की मौत हुई है। त्यागी ने बताया कि जो लोग आज कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं, उन्हें यहां के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत