1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. अपने जन्मदिन पर अखिलेश ने टॉपर छात्रों को लैपटॉप बांटा, BJP को चुनावी वादे की दिलाई याद

अपने जन्मदिन पर अखिलेश ने टॉपर छात्रों को लैपटॉप बांटा, BJP को चुनावी वादे की दिलाई याद

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 01, 2022 04:16 pm IST,  Updated : Jul 01, 2022 04:16 pm IST

अखिलेश यादव ने कहा कि हम सत्ता में नहीं है, इसलिए कुछ ही बच्चों को लैपटॉप दिया गया है। लैपटॉप इसलिए दिया गया है ताकि इस सरकार को युवाओं को लैपटॉप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाया जा सके।

Akhilesh Yadav with meritorious students- India TV Hindi
Akhilesh Yadav with meritorious students Image Source : PTI

Highlights

  • अखिलेश यादव आज 49वां जन्मदिन मना रहे हैं
  • CM योगी ने अखिलेश को उनके जन्मदिन की बधाई दी
  • 38 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने थे अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उत्तर प्रदेश की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को युवाओं को लैपटॉप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाते हुए शुक्रवार को कहा कि बच्चों को स्कूटी भी मिलनी चाहिए। अपने जन्मदिन पर मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘हम सत्ता में नहीं है, इसलिए कुछ ही बच्चों को लैपटॉप दिया गया है। लैपटॉप इसलिए दिया गया है ताकि इस सरकार को युवाओं को लैपटॉप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाया जा सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने 2017 में वादा किया था कि वह युवाओं को लैपटॉप देगी और इस बार (2022) भी इसने वादा किया है कि वह लैपटॉप देगी। बच्चों को स्कूटी भी मिलनी चाहिए।’’

Akhilesh Yadav with student
Image Source : TWITTERAkhilesh Yadav with student

हाल में आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों के उपचुनावों में सपा की हार के बाद यह अखिलेश यादव की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस है। इन दोनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार विजयी हुए। सपा प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि वह आज केवल बच्चों को बधाई देने और लैपटॉप देने के लिए इस प्रेस कान्फ्रेंस में आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपना जन्मदिन नहीं मनाते। जो लोग जन्मदिन मनाते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि उनका एक साल कम हो जाता है।

Akhilesh Yadav with student
Image Source : TWITTERAkhilesh Yadav with student

इससे पहले उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। कठिन मेहनत करने वाले व्यक्ति को अंततः सम्मान मिलता है। जो कठिन मेहनत करता है वह आगे बढ़ता है। अखिलेश यादव ने कहा कि अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर परीक्षा पास करने वाला व्यक्ति कभी सफल नहीं होता। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022’ शीर्षक से जारी चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि स्वामी विवेकानंद सशक्तिकरण योजना के तहत दो करोड़ टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जाएंगे।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं।

38 साल की उम्र में CM बने थे अखिलेश

आपको बता दें कि यूपी के सबसे कम उम्र (38 साल की उम्र) के मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड बनाने वाले अखिलेश यादव ने कम समय में ही राजनीति का चरम भी देखा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बागडोर संभालने के दौरान तमाम बवाल झेलने वाले अखिलेश यादव यूपी में नेता विरोधी दल हैं। अखिलेश यादव 38 साल की उम्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए थे और यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। उनसे पहले 39 साल की उम्र में मायावती प्रदेश की मुख्यमंत्री बनी थी।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत