1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू कश्मीर-पंजाब बॉर्डर पर पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया गया, दुश्मन देश के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रहा भारत

जम्मू कश्मीर-पंजाब बॉर्डर पर पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया गया, दुश्मन देश के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रहा भारत

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : May 09, 2025 07:31 pm IST,  Updated : May 09, 2025 09:47 pm IST

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर पर एक बार फिर हमला करना शुरू कर दिया है। हमले में भारी हथियारों और तोपों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पूरे इलाके में विस्फोटों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दे रही है।

पाकिस्तानी सेना कर रही गोलीबारी- India TV Hindi
पाकिस्तानी सेना कर रही गोलीबारी Image Source : INDIA TV

पाकिस्तानी सेना ने LOC पर भारी गोलाबारी शुरू कर दी है। पाकिस्तान तंगधार करनाह सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारी हथियारों और तोपों से लगातार हमला कर रहा है। हमले में गोलियों और विस्फोटों की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई दे रही हैं। पूरा इलाका गोलीबारी से दहल उठा है। जम्मू, सांबा और पठानकोट में पाकिस्तानी ड्रोन भी देखे गए हैं। हमले को देखते हुए भारतीय सेना ने एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिवेट कर दिया है। जम्मू कश्मीर-पंजाब सीमा पर स्थित लाखनपुर टोल पोस्ट पर एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया गया है। सुरक्षा बल मौके पर मौजूद है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम ढलते ही गोलीबारी शुरू हो गई थी। अभी तक किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी ड्रोन्स को मार गिराया है।

गोलाबारी शुरू होते ही बजने लगे सायरन

पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पुंछ समेत जम्मू के उरी सेक्टर, कुपवाड़ा सेक्टर, तंगधार सेक्टर, लीपा क्षेत्र, मेंढर सेक्टर और राजौरी में भारी गोलाबारी की। साथ ही जम्मू, सांबा, उधमपुर, पठानकोट और अमृतसर में ड्रोन अटैक किया। पाकिस्तानी गोलाबारी शुरू होते ही पूरी घाटी में सायरन बजने लगे। पुंछ के दिगवार और करमाडा सेक्टर में पाकिस्तान की सेना गोलीबारी कर रही है। पुंछ के कई रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। इससे नागरिकों के घरों और वाहनों को अच्छा-खासा नुकसान पहुंचा है। 8-9 मई 2025 की दरमियानी रात को हुई गोलीबारी में पुलिस लाइन पुंछ हमले के चपेट में आ गई। स्थानीय प्रशासन ने सीमा के पास रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। हाल में ही एक सीसीटीवी फुटेज में पाकिस्तानी गोलीबारी के सबूत मिले हैं, जो पुंछ के एक घर से मिली है।

पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी हथियारों से हमला किया

पुंछ और आसपास के क्षेत्रों में गोलीबारी और तनाव के कारण सायरन की आवाजें सुनाई दीं। विदेश मंत्रालय और भारतीय सेना की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि पाकिस्तान ने पुंछ, तंगधार, उरी, मेंढर, राजौरी, अखनूर और उधमपुर में भारी हथियारों और सशस्त्र ड्रोन्स का इस्तेमाल किया। पाकिस्तान ने पुंछ में एक गुरुद्वारे पर भी हमला किया, जिसकी भारत ने कड़ी निंदा की। भारतीय सेना ने भी इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया है।

ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान

यह गोलीबारी भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के जवाब में हो रही है, जिसमें 7 मई 2025 को भारत ने पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिदीन के ठिकाने नष्ट किए गए। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है, जिसके चलते उसने पुंछ और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलीबारी तेज कर दी।

(राही कपूर की रिपोर्ट)

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।