1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में आतंकी फंडिंग और भर्ती मॉड्यूल का भंडाफोड़, हिरासत में 10 लोग, पाकिस्तान से चल रहा था नेटवर्क

जम्मू-कश्मीर में आतंकी फंडिंग और भर्ती मॉड्यूल का भंडाफोड़, हिरासत में 10 लोग, पाकिस्तान से चल रहा था नेटवर्क

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 19, 2025 11:53 pm IST,  Updated : Jul 19, 2025 11:57 pm IST

जम्मू-कश्मीर में आतंकी सरगनाओं और उनका साथ देने वाले लोगों को चुन-चुन कर पकड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में जम्मू-कश्मीर पुलिस की आतंकवाद-रोधी शाखा ने घाटी से 10 लोगों को हिरासत में लिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FREEPIK

जम्मू-कश्मीर पुलिस की आतंकवाद-रोधी शाखा ने आतंकी फंडिंग और भर्ती मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पाकिस्तान के आकाओं के निर्देश पर आतंकवादी गतिविधियों के समन्वय, वित्तपोषण और क्रियान्वयन के लिए संदेश भेजने वाले ऐप्लीकेशन का उपयोग करने के आरोप में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि घाटी में कई स्थानों पर 'काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर' (CIK) द्वारा की गई तलाशी के दौरान ये लोग हिरासत में लिये गए। 

10 जगहों पर चलाया गया तलाशी अभियान

मामले की अधिक जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि सीआईके अधिकारियों ने दो साल पुराने आतंकवाद से जुड़े मामले में कश्मीर में 10 स्थानों पर तलाशी ली। यह मामला आईपीसी की धारा 120-बी के साथ गैर-कानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। 

सभी संदिग्ध ऐप का कर रहे थे इस्तेमाल

उन्होंने कहा कि मामले की जांच के दौरान कश्मीर के बडगाम, पुलवामा, गांदरबल और श्रीनगर जिलों में 10 स्थानों पर संदिग्ध तकनीकी हस्ताक्षर पाए गए। आगे के विश्लेषण के दौरान, विभिन्न संदिग्धों को एक 'विशिष्ट कूटबद्ध संदेश ऐप' का उपयोग करते हुए पाया गया, जिसका उपयोग आतंकवादियों/संचालकों द्वारा आतंकवादी रैंकों में भर्ती सहित विभिन्न प्रकार की आतंकवाद संबंधी गतिविधियों के समन्वय, वित्तपोषण और निष्पादन के लिए व्यापक रूप से किया जाता है। 

कश्मीरी युवाओं के संपर्क में थे ये लोग

अधिकारियों ने कहा, ‘इन व्यक्तियों/उपयोगकर्ताओं पर सीमा पार स्थित लश्कर-ए-तैयबा/जैश-ए-मोहम्मद के आका अब्दुल्ला गाजी सहित विभिन्न आतंकवादियों के संपर्क में होने का संदेह है।' आतंकवादी कमांडर/आका इन स्थानीय कश्मीरी युवाओं के साथ लगातार संपर्क में था और कथित तौर पर उन्हें आतंकवादी के तौर पर भर्ती के लिए कट्टरपंथी बनाने की कोशिश कर रहा था। 

ISI के सह पर हो रहा ये सब काम

आतंकवादी कमांडर/आका पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ निकट समन्वय में काम कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि तलाशी के दौरान मामले की जांच से संबंधित बड़ी संख्या में दस्तावेजी साक्ष्य और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। उन्होंने कहा, 'अब तक 10 संदिग्धों को पकड़ा जा चुका है। आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा और जो सुराग सामने आएंगे, वे आगे की जांच का आधार बनेंगे।' (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।