1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. VIDEO: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बीजेपी विधायकों से भिड़े AAP विधायक, सदन में जबरदस्त हंगामा

VIDEO: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बीजेपी विधायकों से भिड़े AAP विधायक, सदन में जबरदस्त हंगामा

 Published : Mar 20, 2025 05:04 pm IST,  Updated : Mar 20, 2025 05:41 pm IST

आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक ने गुरुवार को भाजपा पर जम्मू में शराब को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। सदन में जमकर हंगामा भी किया।

बीजेपी विधायकों से भिड़े AAP विधायक मेहराज मलिक- India TV Hindi
बीजेपी विधायकों से भिड़े AAP विधायक मेहराज मलिक Image Source : INDIA TV

जम्मूः जम्मू-कश्मीर विधानसभा में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। सदन में आम आदमी पार्टी (आप) के एकलौते विधायक मेहराज मलिक और बीजेपी विधायकों के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। डोडा से आप विधायक मेहराज मलिक भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसे। उनका कहना था की जम्मू में शराब की दुकान जगह-जगह खुल रही हैं और ये सब सिर्फ भाजपा के कारण हो रहा है।

AAP विधायक और बीजेपी विधायकों में जुबानी जंग

जम्मू के विधानसभा में जब मेहराज मलिक बयान दे रहे थे तभी भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक हंगामा करने लगे। इस दौरान आप विधायक और बीजेपी विधायकों के बीच जमकर बहसबाजी भी हुई। सदन में आप विधायक मेहराज मलिक और बीजेपी के विधायक आमने-सामने हो गए। हंगामा कर रहे विधायकों को मार्शलों ने शांत कराने की कोशिश की तो बीजेपी के सभी विधायक वॉक आउट (सदन से चले जाना) कर गए। 

आप विधायक ने बीजेपी पर साधा जमकर निशाना

शहर में शराब की खपत के बारे में बोलते हुए मेहराज मलिक ने इस मुद्दे पर भाजपा की चुप्पी पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने जम्मू में शराब को आम बना दिया है। मलिक ने कटरा में शराब की खपत को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब लोग कटरा में शराब पी रहे थे, तब भाजपा क्या कर रही थी? उन्हें धर्म के बारे में बोलने का अधिकार नहीं है। 

यहां देखें वीडियो

 मलिक ने कहा, "मुस्लिम और हिंदू दोनों शराब पीते हैं। लेकिन सार्वजनिक रूप से कौन पीता है, इस पर कोई दूसरी राय नहीं है। जब मुसलमान सार्वजनिक रूप से शराब पीते हैं, तो उनसे पूछताछ की जाती है और उन्हें बहिष्कृत कर दिया जाता है। मलिक ने इस मुद्दे पर भाजपा के रुख पर भी सवाल उठाया, जिसमें शराब की दुकानें स्थापित करने और शराब की बिक्री का विरोध करने पर महिलाओं को कथित रूप से पीटे जाने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, "जब दुकानों पर शराब बेची जा रही थी..माताओं को पीटा जा रहा था, तब उनकी (बीजेपी) भावनाएं कहां थीं?

गैर-जमानती वारंट पर कही ये बात

 इस बीच, मलिक ने बुधवार को जम्मू की एक अदालत द्वारा उनके खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक व्यक्तिगत मुद्दा है और वह विधानसभा में अपने कर्तव्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। 

जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के 29 विधायक हैं

 बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा की 90 सीटों में से नेशनल कांफ्रेंस के 42 विधायक हैं जबकि बीजेपी के 29 सदस्य हैं। कांग्रेस के छह, पीडीपी के तीन, जम्मू और कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के एक, आम आदमी पार्टी के एक, सीपीआई (एम) के एक विधायक हैं। सदन में सात निर्दलीय भी हैं। प्रदेश में नेशनल कांफ्रेंस की सरकार है। जिसका समर्थन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी कर रही है। 

रिपोर्ट- शाम सदोत्रा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।