1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू में चला पीला पंजा, बिना अनुमति बने 15 से अधिक ढांचे ढहाए गए

जम्मू में चला पीला पंजा, बिना अनुमति बने 15 से अधिक ढांचे ढहाए गए

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 04, 2026 02:46 pm IST,  Updated : May 04, 2026 02:53 pm IST

जेडीए के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि उल्लंघन करने वालों को पहले ही कानूनी नोटिस जारी किए गए थे।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : ANI

जम्मू विकास प्राधिकरण (JDA) ने सोमवार को शहर के बाहरी इलाकों में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। रिंग रोड कॉरिडोर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए इस अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान 15 से अधिक अवैध ढांचों को बुलडोजर से ढहा दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार नोटिस जारी किए गए थे और उन्हें अनुपालन के लिए पर्याप्त समय मिला था। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, "आज की गई एक महत्वपूर्ण प्रवर्तन कार्रवाई के तहत जेडीए ने अवैध निर्माणों की जांच करते हुए रिंग रोड कॉरिडोर के किनारे समेत विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण रोधी एक बड़ा अभियान चलाया।" उन्होंने कहा कि सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक भवन निर्माण अनुमति प्राप्त किए बिना निर्मित 15 से अधिक ढांचों को अभियान के दौरान तोड़ दिया गया।

निर्माण नियमों का उल्लंघन

प्रवक्ता ने कहा, "ये ढांचे स्वीकृत भूमि उपयोग मानदंडों और भवन निर्माण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए बनाए गए थे।" अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक आकलन से पता चला है कि कई अनधिकृत निर्माण सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे थे। जेडीए के प्रवर्तन विभाग ने स्थानीय प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सहायता से यह अभियान चलाया। 

कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि जेडीए के अधिकारियों ने पिछले दो वर्षों में आर्थिक लाभ के बदले अवैध निर्माणों को होने दिया। उन्होंने दावा किया कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इससे पहले जम्मू कश्मीर विधानसभा को सूचित किया था कि जेडीए की 16,000 कनाल (एक वर्ग किलोमीटर 1,976.84 कनाल के बराबर होता है) से अधिक भूमि पर अतिक्रमण है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।