Highlights
- कुलगाम जिले में बादल फटने की घटना सामने आई।
- बादल फटने के बाद एक स्थानीय नाला बंद हो गया।
- एक व्यक्ति का रिहायशी मकान पानी में डूब गया।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के देवसर इलाके के दर्दगुंड क्षेत्र में मंगलवार को बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे एक स्थानीय नाला अवरुद्ध हो गया और वसीम अहमद नाम के व्यक्ति का रिहायशी मकान पानी में डूब गया। एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उन्हें एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। बाद में, अवरुद्ध नाले को साफ कर दिया गया और उसके सामान्य प्रवाह को बहाल कर दिया गया, जिससे प्रभावित परिवार और आस-पास के इलाकों पर मंडरा रहा तत्काल खतरा टल गया।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में जुलाई के महीने में मॉनसून का दौर काफी विनाशकारी रहा है। पिछले कुछ हफ्तों में लगातार मूसलाधार बारिश, बादल फटने और लैंडस्लाइड के कारण भारी तबाही देखने को मिली है। पिछले कई दिनों की भारी तबाही के बाद अब मौसम में थोड़ा सुधार जरूर हुआ है और कुछ इलाकों में बारिश थमी है, लेकिन मौसम विभाग ने अभी भी कुछ हिस्सों खासकर चिनाब घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
ऊधमपुर में आई बाढ़ से कई मकान क्षतिग्रस्त
वहीं, जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिले के बरकुआंडा इलाके में शुक्रवार तड़के अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तीन प्रभावित परिवारों को बरकुआंडा के सरकारी मिडिल स्कूल में ठहराया है। राहत की बात यह है कि इस आपदा में अभी तक किसी भी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है।
एक अन्य घटना में, बसंतगढ़ तहसील के कड़वाह गांव में भी अचानक बाढ़ आने से कुछ रिहायशी मकानों और खेतों में खड़ी मक्के की फसल को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, सतर्क प्रशासनिक अमले ने बाढ़ के पानी को एक वैकल्पिक मार्ग से मोड़ दिया, जिससे कृषि भूमि और रिहायशी इलाकों में और अधिक बड़े खतरे को टाल दिया गया।
नदियों के जलस्तर की स्थिति
ऊधमपुर में तवी नदी का जलस्तर अभी भी चेतावनी के स्तर से नीचे बना हुआ है। नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, 15 फुट के चेतावनी स्तर के मुकाबले नदी का जलस्तर 12.655 फुट दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर, अखनूर में चिनाब नदी का जलस्तर एक बार फिर बाढ़ चेतावनी के स्तर को पार कर गया है, जिससे निचले इलाकों में चिंता बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश में हड़कंप, भोपाल में सड़कों पर 2 हजार से ज्यादा किसान, CM हाउस के घेराव की तैयारी
पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू, शिरोमणि अकाली दल अमृतसर ने 20 प्रत्याशी घोषित किए