जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने आज पहलगाम का दौरा किया। पहलगाम सेल्फी प्वाइंट पर देश के अलग-अलग राज्यों से आए पर्यटकों से बातचीत की और तस्वीरें खिंचवाईं। फारूक अब्दुल्ला ने अपील की कि सभी को कश्मीर आना चाहिए, हालात पहले से बेहतर हैं, चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
पर्यटकों का बढ़ाया मनोबल
फारूक अब्दुल्ला के यहां आने से पर्यटकों का मनोबल भी बढ़ा है। इंडिया टीवी से बात करते हुए पर्यटकों ने कहा कि उन्हें यहां आ कर अच्छा लगा है। सभी को आना चाहिए। डरने की कोई जरूरत नहीं है। यहां सब सुरक्षित हैं, जो लोग अपनी बुकिंग कैंसिल कर रहे हैं उन्हें कश्मीर आना चाहिए।
भारत का हिस्सा था और रहेगा
फारूक अब्दुल्ला ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'यहां लोग जो आए हैं। यह दिल को खुश करता हैं, जो लोग डर फैलाना चाहते थे। वे हार गए हैं। यह भारत का हिस्सा था और रहेगा।'
पीएम जो कदम लेंगे, हम उनके साथ- फारूक
इसके साथ ही अब्दुल्ला ने कहा, 'दोनों के देशों के आमने-सामने आने से तनाव बढ़ेगा। हम विकसित बनना चाहते हैं, वे हमें भिखारी बनाना चाहते हैं। लोगों को ज़्यादा से ज़्यादा यहां आना चाहिए। लोगों को नहीं डरना चाहिए, जो डर गया वह मर गया। हम लोग आतंकवाद से थक गए हैं। प्रधानमंत्री जो कदम लेंगे हम उनके साथ हैं। इस आतंकवाद के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।'