1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. किश्तवाड़ में सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग, पांच मकान जलकर खाक; दो घायल

किश्तवाड़ में सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग, पांच मकान जलकर खाक; दो घायल

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jan 02, 2026 11:06 am IST,  Updated : Jan 02, 2026 11:06 am IST

किश्तवाड़ में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद पांच मकानों में आग लग गई। वहीं आग बुझाने के प्रयास में दो व्यक्ति घायल भी हो गए हैं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।

सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग।- India TV Hindi
सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग। Image Source : ANI

किश्तवाड़: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के गुरुवार देर रात अचानक आग लग गई। जानकारी के मुताबिक सिलेंडर में ब्लास्ट होने की वजह से यह आग लगी। इस घटना में पांच मकान जलकर खाक हो गए है, जबकि आग बुझाने के प्रयासों में दो लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि आग पर काबू पाने तक पांच मकान जल गए। 

पांच मकानों में लगी आग

अधिकारियों ने बताया कि पूरा मामला थाचना गांव का है, जहां पहले एक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आस-पास के मकानों में भी आग लग गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सेना और दमकल विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, दमकल गाड़ियां तुरंत दूरस्थ क्षेत्र में भेजी गईं और आग को फैलने से रोकने के लिए आसपास के मकानों से एलपीजी सिलेंडर हटा दिए गए। 

आग पर पाया काबू

किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज शर्मा ने बताया कि कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘घटना में चार से पांच मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। आग बुझाने के दौरान दो लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।’’ उन्होंने बताया कि प्रभावित बस्ती में टेंट और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध करा दी गई है तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा। आग में क्षतिग्रस्त हुए मकान लियाकत मीर, बशीर अहमद, अल्फा मीर और जिब्रान मीर के बताए गए हैं। 

केंद्रीय मंत्री ने ली जानकारी

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा, "दच्छन इलाके में लगी आग की घटना के बारे में जानकारी मिलने पर मैंने अभी-अभी किश्तवाड़ के डीसी पंकज शर्मा से बात की। इस घटना में कुछ मकान जलकर खाक हो गए। किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन और रेड क्रॉस ने तुरंत राहत सामग्री घटनास्थल पर भेज दी है। साथ ही, प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की जा रही है।"

सांसद ने सीएम से की बात

इसके अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद सज्जाद किचलू ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात कर तत्काल सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने प्रशासन से भीषण सर्दी को देखते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, अस्थायी आश्रय और पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की। 

यह भी पढ़ें-

चौमूं में पत्थरबाजों के खिलाफ एक्शन शुरू, अवैध मकानों पर चला बुलडोजर

बेल्लारी में बवाल! बैनर लगाने के लिए आपस में भिड़े दो विधायकों के समर्थक, गोलीबारी में एक की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।