1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. गुलाम नबी आजाद का कांग्रेस पर तंज, बोले- I.N.D.I. अलायंस की एकता उसी दिन टूट गई जब...

गुलाम नबी आजाद का कांग्रेस पर तंज, बोले- I.N.D.I. अलायंस की एकता उसी दिन टूट गई जब...

 Published : Jan 30, 2024 08:52 am IST,  Updated : Jan 30, 2024 09:45 am IST

गुलाम नबी आजाद ने कहा, इंडिया गठबंधन कांग्रेस पार्टी के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन करने का एकमात्र विकल्प बचा था, लेकिन उसकी गलत नीतियों के कारण यह आगे नहीं बढ़ सका।’’

ghulam nabi azad- India TV Hindi
गुलाम नबी आजाद Image Source : PTI

जम्मू: डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (DPAP) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ अकेले शुरू करने के फैसले को लेकर सोमवार को कांग्रेस की आलोचना की और उसपर संभावित सहयोगियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। आजाद ने कहा कि अकेले चलना कहीं नहीं ले जाएगा। आजाद ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह (इंडिया गठबंधन) कांग्रेस पार्टी के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन करने का एकमात्र विकल्प बचा था, लेकिन उसकी गलत नीतियों के कारण यह आगे नहीं बढ़ सका।’’

आजाद ने कांग्रेस को दी ये सलाह

व्यापक गठबंधन के लिए चूक गए अवसर को रेखांकित करते हुए आजाद ने कहा,‘‘देश भर में एक साथ यात्रा करने के लिए अन्य राजनीतिक दलों को साथ लिया जाना चाहिए था और इससे एक संदेश जाता।’’ आजाद ने कांग्रेस को उसकी यात्रा में अन्य राजनीतिक दलों को भी शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘‘यदि वे (कांग्रेस) अकेले यात्रा करते हैं, तो यह कहीं नहीं ले जाएगा। मौजूदा नेता गठबंधन से पहले एकता बनाने में असफल रहे।’’ आजाद ने कहा, ‘‘एकजुटता की बात कहना और जमीन पर एकता होना दो अलग-अलग चीजें हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा कि एकजुटता तो उसी दिन टूट गई, जब कांग्रेस ने अकेले यात्रा प्रारम्भ की। यह 26 दलों की यात्रा होनी चाहिए थी।

26 अगस्त 2022 को कांग्रेस से तोड़ा था नाता

आजाद ने 26 अगस्त 2022 को कांग्रेस के साथ अपना पांच दशक लंबा जुड़ाव समाप्त कर लिया था और एक महीने बाद जम्मू में अपनी नई पार्टी की घोषणा की थी। आजाद ने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास, शायद बिहार को छोड़कर, देने के लिए कुछ भी नहीं है। उनके पास तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बंगाल, पूर्वोत्तर और ओडिशा में कुछ भी नहीं है।’’ आजाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी कटाक्ष किया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ‘‘एक गैर-मान्यता प्राप्त पार्टी की तरह व्यवहार करते हैं।’’

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।