1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. 'अमरनाथ यात्रा के लिए रहेगी तीन लेयर की सिक्योरिटी', बोले एलजी मनोज सिन्हा, श्रद्धालुओं से की ये अपील

'अमरनाथ यात्रा के लिए रहेगी तीन लेयर की सिक्योरिटी', बोले एलजी मनोज सिन्हा, श्रद्धालुओं से की ये अपील

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 26, 2025 01:47 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 02:06 pm IST

एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के लिए बेस कैंप और रूट के चारों तरफ तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

एलजी मनोज सिन्हा- India TV Hindi
एलजी मनोज सिन्हा Image Source : INDIA TV

श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों को लेकर गुरुवार को जानकारी दी। मनोज सिन्हा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हो रही है। पिछले कुछ सालों में श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर सरकार ने सुविधाओं के मामले में काफी सुधार किया है। उन्होंने कहा कि हर यात्री के लिए आरएफआईडी ट्रैकिंग सिस्टम लागू है। हर जगह हाई क्वालिटी के कैमरे लगाए गए हैं।

अमरनाथ यात्रा में रहेगी तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

एलजी ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार किया गया है। हर बेस कैंप में 100 बेड का अस्पताल उपलब्ध है। पर्यावरण और सफाई के मामले में ग्रामीण विकास विभाग हमेशा तत्पर रहता है। पहलगाम हमले के बाद पंजीकरण कम हुआ है। करीब 10 फीसदी कम लोगों ने आवेदन किया है। अब संख्या बढ़ रही है। सुरक्षा बलों ने बेस कैंप और रूट के चारों तरफ तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। मॉक ड्रिल की गई है।

मनोज सिन्हा बोले- लोगों में बढ़ रहा भरोसा

मनोज सिन्हा ने कहा कि सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे सुरक्षा काफिले के साथ चलें। यहां तक ​​कि निजी वाहनों से भी हम अनुरोध करते हैं कि वे सुरक्षा काफिले के साथ जम्मू से बेस कैंप तक जाएं। पहलगाम हमले के बाद पर्यटन और अमरनाथ यात्रा पर असर पड़ा है। अब लोगों का भरोसा बढ़ा है और मुझे उम्मीद है कि यह और बढ़ेगा। हमले से पहले 2.36 लाख लोगों ने पंजीकरण करवाया था और उसके बाद इसमें कमी आई है। मुझे उम्मीद है कि लोग आएंगे। बता दें कि अमरनाथ यात्रा का रूट 1 जुलाई से नो फ्लाई जोन रहेगा। एंटी ड्रोन सिस्टम की पूरी तैनाती रहेगी। अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

 सर्वदलीय बैठक करेंगे एलजी मनीज सिन्हा

वहीं, अमरनाथ यात्रा को लेकर  जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा आज शाम 5 बजे श्रीनगर में सर्वदलीय बैठक करेंगे। एलजी के साथ फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती समेत कई नेता मीटिंग में मौजूद रहेंगे। 28 जून को सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ भी एलजी बैठक करेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।