1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर में जुलाई के महीने में रिकॉर्ड गर्मी, आसमान से बरस रही आग, दो दिन के लिए स्कूल बंद; देखें तापमान के आंकड़ें

कश्मीर में जुलाई के महीने में रिकॉर्ड गर्मी, आसमान से बरस रही आग, दो दिन के लिए स्कूल बंद; देखें तापमान के आंकड़ें

 Reported By: Manzoor Mir, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 28, 2024 06:51 pm IST,  Updated : Jul 28, 2024 10:07 pm IST

जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में जुलाई के महीने में रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है। श्रीनगर के मौसम विभाग केंद्र ने कश्मीर के अलग-अलग इलाकों के तापमान के आंकड़ें बताए हैं। स्थानीय लोग भीषण गर्मी से हाल-बेहाल हैं। स्कूलों में दो दिन की छुट्टी कर दी गई है।

कश्मीर के कई इलाकों में बढ़ा तापमान- India TV Hindi
कश्मीर के कई इलाकों में बढ़ा तापमान Image Source : FILE PHOTO

जम्मू-कश्मीर में इस बार रिकॉर्ड गर्मी पड़ी है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में तापमान ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। मानसून के सीजन में जहां एक ओर कई राज्यों में मौसम सुहावना हो गया है। कश्मीर में इसके विपरीत भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम केंद्र श्रीनगर ने बताया कि रविवार (28 जुलाई) को इस महीने में तीसरा सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। भीषण गर्मी के चलते कश्मीर जोन में दो दिन (29 और 30 जुलाई) के लिए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

श्रीनगर में कई सालों बाद जुलाई में तीसरा सबसे अधिक तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डाले तो श्रीनगर में जुलाई महीने में सबसे अधिक तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ये तापमान 10 जुलाई 1946 को दर्ज किया गया था। इसके बाद दूसरा सबसे अधिक तापमान 9 जुलाई 1999 को 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद आज यानी 28 जुलाई, 2024 को श्रीनगर में तीसरा सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। रविवार को श्रीनगर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया। 

काजीगुंड में 36 सालों बाद सबसे अधिक तापमान

कश्मीर के अनंतनाग जिले के काजीगुंड इलाके में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां रविवार (28 जुलाई, 2024) को अब तक का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। रविवार को काजीगुंड में 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया। इसके पहले यहां 11 जुलाई, 1988 को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया था। रविवार को यहां 36 सालों बाद एक डिग्री ज्यादा तापमान पहुंच गया।

कोकरनाग में 34.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

अनंतनाग के कोकरनाग में भी रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया है। श्रीनगर के मौसम केंद्र ने बताया कि कोकरनाग में रविवार को (28 जुलाई, 2024) को अब तक का सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इसके पहले 3 जुलाई, 2024 को यहां 33.3 डिग्री और 8 जुलाई, 1993 को 33 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।