1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. आज अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे का दूसरा दिन, LoC की चौकी पर जाएंगे; ये है पूरा शेड्यूल

आज अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे का दूसरा दिन, LoC की चौकी पर जाएंगे; ये है पूरा शेड्यूल

 Published : Apr 07, 2025 06:44 am IST,  Updated : Apr 07, 2025 06:45 am IST

गृहमंत्री अमित शाह 6 अप्रैल से जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। आज वह कठुआ में बीएसएफ की सीमा चौकी विनय का दौरा करेंगे और वहां जमीनी हालात का आकलन करेंगे। शाह का यह दौरा कठुआ जिले में चल रहे बड़े पैमाने पर आतंकवाद रोधी अभियान के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण है।

amit shah- India TV Hindi
अमित शाह Image Source : PTI

जम्मू: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत रविवार की शाम जम्मू पहुंचे और भाजपा विधायकों एवं पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की। आज वह  LoC और कठुआ में बीएसएफ की 'विनय' सीमा चौकी का दौरा करेंगे व क्षेत्र में समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। सीमा का दौरा करने के बाद वह जम्मू स्थित राजभवन में शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों से मिलेंगे।

बता दें कि पिछले साल अक्टूबर में केंद्र शासित प्रदेश में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के गठन के बाद यह उनका पहला दौरा है। यह दौरा कठुआ जिले में चल रहे बड़े पैमाने पर आतंकवाद रोधी अभियान के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण है।

अमित शाह के दौरे का फुल शेड्यूल-

  1. शाह आज जम्मू और कश्मीर दौरे के दूसरे दिन LoC और कठुआ में BSF की सीमा चौकी विनय चौकी पर जाएंगे। यहां वे मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था और हालात का जायजा लेंगे। (सुबह 10:30 बजे)
  2. पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से घुसपैठ कर आए पांच आतंकवादियों के एक समूह को रोकने के बाद 23 मार्च से कठुआ जिले के वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चल रहा है। जिले में 27 मार्च को दो दिनों तक चली भीषण मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी और दो आतंकवादी मारे गए थे।
  3. बाद में, अमित शाह जम्मू में राजभवन में जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीदों के परिवार के सदस्यों से मिलेंगे और अनुकंपा के आधार पर चयनित कुछ लोगों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। (दोपहर 2 बजे)
  4. यात्रा के तीसरे दिन 8 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री सबसे पहले श्रीनगर स्थित राजभवन में आयोजित बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यो का जायजा लेंगे।
  5. इसके बाद वह श्रीनगर स्थित राजभवन में एक अन्य बैठक में भाग लेंगे जहां जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

अमरनाथ यात्रा, श्रीनगर तक रेल सेवा की होगी समीक्षा

सूत्रों का कहना है कि आज बैठक में कटड़ा से श्रीनगर तक शुरू होने वाली रेल सेवा पर भी चर्चा होगी। इस रेल सेवा के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त करने के लिए कहा जाएगा। क्योंकि, आतंकी संगठन इसे नुकसान पहुंचाने की फिराक में हैं। इसके अलावा आगामी श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर भी चर्चा होगी। क्योंकि इस बार काफी लोग रेल से भी यात्रा पर जाएंगे। ऐसे में दोनों को लेकर सुरक्षा चुनौती है। इससे निपटने के लिए बड़े स्तर पर सुरक्षाबलों की तैनाती की जाएगी। अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

सुरक्षा दीवार भी अहम मुद्दा

बता दें कि सांबा, कठुआ और जम्मू के इंटरनेशनल बॉर्डर पर सुरक्षा दीवार बनाई जानी है। दीवार खड़ी करने के लिए स्थानीय लोगों की जमीन ली जानी है। लेकिन मुआवजे की वजह से अभी तक ये दीवार बनाने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही। यह मामला भी सुलझाया जा सकता है। शाह बीएसएफ और प्रशासन के अधिकारियों के साथ इस मसले पर अहम फैसला ले सकते हैं।

भाजपा मुख्यालय में पार्टी विधायकों संग की बैठक

इससे पहले 6 अप्रैल को आगमन के तुरंत बाद शाह को राजभवन ले जाया गया और बाद में वह त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय गए और पार्टी विधायकों तथा अन्य पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक रात करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई और करीब दो घंटे तक चली। शाह का भाजपा मुख्यालय का दौरा ऐसे समय हुआ जब पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता और नेता मुख्यालय में बड़े उत्साह के साथ स्थापना दिवस मना रहे हैं।

पुलिस और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर

जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का झंडा फहराया।  शाह के दौरे के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

यह भी पढ़ें-

कश्मीर घाटी में बड़ी संख्या में पहुंचे कश्मीरी पंडित, दुर्गानाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

बॉर्डर पार कर रहे घुसपैठिये को BSF ने मार गिराया, पाकिस्तान ने लाश लेने से किया इनकार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।