1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024: सोनावरी से अकबर लोन ने मारी हैट्रिक, क्या इस बार भी NC यहां से दर्ज करेगी जीत?

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024: सोनावरी से अकबर लोन ने मारी हैट्रिक, क्या इस बार भी NC यहां से दर्ज करेगी जीत?

 Published : Aug 25, 2024 02:17 pm IST,  Updated : Aug 25, 2024 02:18 pm IST

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के बीच गठबंधन हो गया है। ऐसे में कई सीटों पर एनसी और कांग्रेस को सीधे तौर पर फायदा होने वाला है। यहां जम्मू-कश्मीर की सोनावरी विधानसभा सीट का सियासी समीकरण जानते हैं।

सोनावरी विधानसभा सीट का प्रोफाइल- India TV Hindi
सोनावरी विधानसभा सीट का प्रोफाइल Image Source : INDIA TV

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य में पार्टी नेताओं के बैठकों का दौर और जनसभाएं चल रही हैं। जम्मू-कश्मीर की वीआईपी सीट की बात करें तो सोनावरी (Sonawari) विधानसभा उनमें से एक है। ये सीट राज्य के बांदीपुर जिले में आती है। सोनावरी विधानसभा सीट बारामूला लोकसभा सीटे के अंतर्गत आती है। यहां पर अंतिम बार 2014 में ही विधानसभा के चुनाव हुए थे।

घाटी में बदले हालात

पिछले 10 सालों में घाटी में काफी बदलाव हो गया है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया गया है। जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया है। लद्दाख को अलग से केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया है। इन बड़े बदलावों के साथ ही राज्य में सियासी समीकरण भी अब बदल गए हैं। पिछले 10 सालों से उपराज्यपाल ही राज्य के सर्वेसर्वा बने हुए हैं।

जम्मू-कश्मीर की सोनावरी सीट पर नजर डाले तो 2002 से इसका प्रतिनिधित्व नेशनल कॉन्फ्रेस के दिग्गज नेता मोहम्मद अकबर ही कर रहे हैं। मोहम्मद अकबर ने एनसी की टिकट से लगातार यहां से 3 बार जीत दर्ज की है। अब देखना होगा कि इस बार यहां कौन जीत दर्ज करता है?

2014 के विधानसभा चुनाव का परिणाम

सोनावरी विधानसभा सीट के 2014 के चुनावी परिणाम पर नजर डाले तो यहां से नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार मोहम्मद अकबर लोन ने पीडीपी के प्रत्याशी यासर रेशी को हराया था। एनसी उम्मीदवार अकबर लोन ने मात्र 406 वोटों से जीत दर्ज की थी। मोहम्मद अकबर लोन को 32,567 वोट मिले थे। पीडीपी उम्मीदवार यासिर रेशी को 32,161 वोट मिले थे। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार इम्तियाज अहमद पर्रे तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्हें मात्र 1174 वोट मिले थे।

NC और PDP के बीच कड़ा मुकाबला

बता दें कि सोनावरी विधानसभा सीट में इस बार एनसी और पीडीपी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। इस बार घाटी में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच विधानसभा चुनाव में गठबंधन हो गया है। इस वजह से माना जा रहा है कि सोनावरी सीट में एनसी ही अपना उम्मीदवार उतारेगी। इसकी वजह उसका पुरानी विक्ट्री इतिहास है। लगातार तीन बार 2002, 2008 और 2014 में एनसी के उम्मीदवार अकबर लोन ने जीत जो दर्ज की है। कांग्रेस का समर्थन मिल जाने से इस बार जीत का मार्जिन भी बढ़ सकता है। 

अंतिम चरण में है यहां चुनाव

सोनावरी विधानसभा सीट में तीसरे चरण में चुनाव होना है। इसको लेकर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। केंद्र शासित प्रदेश में तीन चरणों में चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव के नतीजे 1 अक्टूबर को आएंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी कर दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।