1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर के सोपोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, JeI से जुड़े UAPA केस में कई जगहों पर छापेमारी

जम्मू-कश्मीर के सोपोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, JeI से जुड़े UAPA केस में कई जगहों पर छापेमारी

 Published : May 16, 2026 11:49 am IST,  Updated : May 16, 2026 11:49 am IST

जम्मू-कश्मीर के सोपोर में पुलिस ने UAPA के तहत प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी से जुड़े मामले में 15 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि तलाशी में आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है।

Sopore police raid, Jammu Kashmir UAPA case, Jamaat-e-Islami India, JeI crackdown Kashmir- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में पुलिस ने UAPA के तहत कार्रवाई की है। Image Source : ANI

सोपोर: जम्मू-कश्मीर के सोपोर में पुलिस ने शुक्रवार को कई जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (JeI) से जुड़े एक मामले के तहत की गई है, जो गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के अंतर्गत दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, यह छापेमारी आतंकवाद और अलगाववादी नेटवर्क से जुड़े लोगों और प्रतिबंधित संगठनों की गतिविधियों पर चल रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने सोपोर पुलिस जिले के 15 से अधिक स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी वारंट लेने के बाद हुआ एक्शन

पुलिस ने जिन 15 जगहों पर छापेमारी की है उनमें जमिया कदीम, नसीम बाग, क्रैंकशिवन, तरजू, अमरगढ़, वरपोरा, बोमई, बोइटिंगू और आसपास के कई इलाके शामिल हैं। यह कार्रवाई FIR नंबर 42/2025 के तहत की गई, जो सोपोर थाने में UAPA की धारा 10 और 13 के तहत दर्ज है। पुलिस ने बताया कि यह तलाशी अभियान पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत किया गया। इसके लिए UAPA कोर्ट से उचित तलाशी वारंट लिया गया था। छापेमारी के दौरान कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाह भी मौजूद थे, ताकि पूरी कार्रवाई पारदर्शी तरीके से हो सके।

तलाशी में मिला आपत्तिजनक सामान

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है, जिसमें कथित तौर पर प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा साहित्य शामिल है। इस सामग्री को आगे की जांच और विश्लेषण के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाने के लिए की जा रही है, जो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं या देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जांच अभी जारी है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

10 मई को भी पुलिस ने लिया था एक्शन

इससे पहले 10 मई को सोपोर पुलिस ने एक आरोपी की संपत्ति भी जब्त की थी, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई थी। यह संपत्ति बांदीपोरा जिले के केहनूसा क्षेत्र में 10 मरला जमीन के रूप में थी। यह कार्रवाई भी यूएपीए और अन्य कानूनों के तहत दर्ज मामले में की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान माजिद अहमद सोफी (उर्फ बिसाती) के रूप में हुई थी, जो सोपोर के न्यू कॉलोनी का निवासी है। जांच में सामने आया था कि वह फिलहाल पाकिस्तान और PoK से आतंकवादी गतिविधियों का संचालन कर रहा था और प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़ा हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।