1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, 8 पूरी तरह पलटे; इस रूट पर रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित

मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, 8 पूरी तरह पलटे; इस रूट पर रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित

 Published : Oct 29, 2025 08:07 pm IST,  Updated : Oct 29, 2025 08:07 pm IST

झारखंड के सिमडेगा जिले में कनारोआन स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें 8 पलट गए। इस हादसे की वजह से रेल सेवाएं बाधित हुईं, कई ट्रेनें रद्द या डायवर्ट की गईं।

train derailment, train derailment Jharkhand, Simdega train accident- India TV Hindi
झारखंड में मालगाड़ी से 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। Image Source : PTI

रांची: झारखंड के सिमडेगा जिले में बुधवार सुबह एक मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए जिससे रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा रांची डिवीजन के दक्षिण पूर्व रेलवे में कनारोआन रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 10:15 बजे हुआ। दक्षिण पूर्व रेलवे की सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर शुचि सिंह ने बताया, 'मालगाड़ी के कुल 10 डिब्बे पटरी से उतरे, जिनमें से 8 पूरी तरह पलट गए। यह गाड़ी लौह अयस्क ले जा रही थी।' पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कोई जान का नुकसान नहीं हुआ।

कई ट्रेनों को दूसरे रास्ते भेजा गया

अधिकारियों ने बताया कि यह मालगाड़ी ओडिशा के बोंडामुंडा से रांची के लिए लौह अयस्क लेकर जा रही थी। उन्होंने कहा कि पटरी से उतरने की सही वजह अभी पता नहीं चली है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। शुचि सिंह ने आगे बताया कि इस हादसे की वजह से कई ट्रेनों को दूसरे रास्ते भेजा गया, कुछ को बीच में ही रोक दिया गया या फिर रद्द कर दिया गया। प्रभावित होने वाली ट्रेनों में पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस भी शामिल थी जिसे टाटी स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया गया और इसे वापस ओडिशा के राउरकेला भेज दिया गया। उन्होंने कहा, 'इस ट्रेन में करीब 1,300 यात्री सवार थे। राउरकेला स्टेशन पर यात्रियों के लिए बसें लगाई गई हैं, जो उन्हें हटिया तक पहुंचाएंगी।'

हादसे की वजह से ये ट्रेनें भी हुईं प्रभावित

मालगाड़ी के डिब्बे ट्रैक पर पलटने की वजह से कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। हटिया-राउरकेला पैसेंजर और हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेनों को बुधवार के लिए पूरी तरह रद्द कर दिया गया। वहीं, हटिया-झारसुगुड़ा मेमू ट्रेन को शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम 9 ट्रेनों को दूसरे रास्तों से चलाया गया। इनमें संबलपुर-गोरखपुर मौर्या एक्सप्रेस (15027), विशाखापट्टनम-बनारस एक्सप्रेस (18523), सर एम विश्वेश्वरैया बेंगलुरु टर्मिनल-हटिया एक्सप्रेस (12836) और धनबाद-आलप्पुझा एक्सप्रेस (13351) शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही फिर से बहाल करने का काम तेजी से हो रहा था। (PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।