1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के मामले में 5 गिरफ्तार, मर्डर के पीछे का कारण भी सामने आया

कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के मामले में 5 गिरफ्तार, मर्डर के पीछे का कारण भी सामने आया

 Published : Dec 20, 2024 11:09 pm IST,  Updated : Dec 20, 2024 11:09 pm IST

पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता आलोक कुमार भगत की हत्या के 48 घंटे में मुख्य आरोपी आकाश सिंह समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और खाली कारतूस बरामद किए गए।

Jharkhand, Jharkhand News, Jharkhand Murder Case- India TV Hindi
पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। Image Source : X.COM/JSR_POLICE

जमशेदपुर: झारखंड पुलिस ने शुक्रवार को जमशेदपुर में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दावा किया कि उसने मुख्य आरोपी समेत 5 लोगों की गिरफ्तारी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) किशोर कौशल ने बताया कि आरोपियों के हमले में मारे गए आलोक कुमार भगत उर्फ ​​मुन्ना के भाई मनोज कुमार भगत द्वारा कदमा थाने में इस बारे में केस दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस उपाधीक्षक निरंजन कुमार तिवारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था।

‘मुख्य आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास’

SSP किशोर कौशल ने कहा कि जांच के दौरान SIT की ओर से जुटाए गए वैज्ञानिक और तकनीकी सबूतों के आधार पर 23 साल के मुख्य आरोपी आकाश सिंह उर्फ ​​छोटू बच्चा सहित 5 लोगों को शुक्रवार को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आकाश के साथ गिरफ्तार बाकी के आरोपियों की पहचान विशाल कुमार उर्फ ​​भीम बाबा, पंकज साव, शक्ति विगर और विकास सिंह के रूप में की गई है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में आकाश सिंह उर्फ ​​छोटू बच्चा पर पहले से ही लगभग आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

‘वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है यह घटना’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या की यह वारदात पहले से चली आ रही वर्चस्व की लड़ाई के कारण हुई है, और दोनों पक्ष पहले भी एक-दूसरे के ऊपर प्राथमिकी दर्ज करवा चुके हैं। एसएसपी ने कहा कि इस हत्याकांड में और भी लोग शामिल हैं जो फरार चल रहे हैं, और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 28 साल के भगत घर लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार 2 हमलावरों ने उन पर गोलियां चलायी थीं। SSP के मुताबिक, आरोपियों के पास से 3 हथियार, एक कारतूस और दो खाली कारतूस बरामद किए गए है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी, पीड़ित के ही इलाके के रहने वाले हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।