1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पति के साथ अवैध संबंध का था शक, पत्नी ने महिला कर्मचारी को मौत के घाट उतारा

पति के साथ अवैध संबंध का था शक, पत्नी ने महिला कर्मचारी को मौत के घाट उतारा

 Published : Dec 20, 2024 04:55 pm IST,  Updated : Dec 20, 2024 04:55 pm IST

जबलपुर में एक महिला ने अवैध संबंध के शक में अपने पति की कंपनी में काम करने वाली महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। बीच-बचाव में आई एक अन्य महिला घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Illicit Relationship, Murder, Woman Kills Woman- India TV Hindi
महिला ने पति के दफ्तर में काम करने वाली कर्मचारी की हत्या की। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा शुक्रवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, सूबे के जबलपुर शहर में एक महिला ने अपने पति के साथ अवैध संबंध के शक में एक महिला की जान ले ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने पति की कंपनी में काम करने वाली महिला की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला अपने साथ पहले से ही चाकू लेकर आई थी। पुलिस ने बताया कि इस दौरान बीच-बचाव कराने आई एक अन्य महिला घायल हो गई और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

‘पीड़िता की पहचान अनिका के रूप में हुई’

पुलिस के एक अधिकारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने प्रोफेसर कॉलोनी में बुधवार को हुई हत्या के लिए गुरुवार को 35 साल की शिखा मिश्रा को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आनंद कलादगी ने बताया कि पीड़िता की पहचान 33 साल की अनिका के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अनिका आरोपी महिला के पति ब्रजेश मिश्रा की कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करती थी। ASP ने बताया कि शिखा को अपने पति पर अनिका के साथ अवैध संबंध होने का शक था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने बुधवार को अनिका से संपर्क किया और प्रोफेसर कॉलोनी में सोनम रजक नामक महिला के घर पर उससे मुलाकात की।

‘बीच-बचाव की कोशिश में सोनम हुई घायल’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच तीखी बहस हुई और इसी बीच शिखा ने अनिका को चाकू मार दिया, और इस दौरान बीच बचाव करने की कोशिश में सोनम भी बुरी तरह घायल हो गई। उन्होंने कहा कि अनिका की मौत हो गई, जबकि सोनम अस्पताल में भर्ती है। ASP ने बताया कि मौके से फरार हुई आरोपी महिला को गुरुवार को सतना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, सोनम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि शिखा अपने पर्स में 2 चाकू लेकर आई थी। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।