1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 'लड़की की कॉल पर 60 KM दूर बाइक से आए 3 दोस्त', रेलवे ट्रैक पर मिले तीनों के शव

'लड़की की कॉल पर 60 KM दूर बाइक से आए 3 दोस्त', रेलवे ट्रैक पर मिले तीनों के शव

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 04, 2026 02:51 pm IST,  Updated : Jun 04, 2026 02:59 pm IST

झारखंड के बोकारो ज़िले में एक रेलवे ट्रैक पर तीन क्षत-विक्षत शव मिले। ये शव रांची-बोकारो लाइन पर राधागांव रेलवे स्टेशन के पास पड़े मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक युवकों की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक युवकों की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

बोकारो रेलवे स्टेशन से पांच किलोमीटर दूर राधानगर पंचायत के लावाटांड़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान गोमिया प्रखंड के मडवाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु गांव निवासी बबलू सोरेन (25), दीपक सोरेन (22) और बाबूराम मुर्मू (19) के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त थे। 

"लड़की के फोन के बाद 60 KM बाइक से आए थे बोकारो": परिजनों का दावा  

परिजनों ने युवकों की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बबलू सोरेन की एक लड़की से लगातार बात होती थी। मंगलवार शाम 7 बजे उसी लड़की का फोन आने के बाद तीनों बाइक JH 09AY 2139 से गोमिया से 60 KM दूर बोकारो के राधानगर पहुंचे। रात 12 बजे तक बबलू से बात हुई, उसके बाद तीनों के फोन बंद हो गए। सुबह शव मिलने की सूचना मिली।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शवों को रेलवे ट्रैक के पास रख दिया गया। मौके पर शराब और पानी की बोतल रखी गई ताकि लगे कि नशे में तीनों ट्रेन से कट गए। घटनास्थल से बाइक, आधार कार्ड और शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।

GRP कर रही मामले की जांच

GRP थाना प्रभारी अमरेंद्र कोतवाल ने कहा कि प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत लग रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।

 रांची में शख्स की पीट-पीटकर हत्या 

वहीं, झारखंड के रांची ज़िले में एक महिला से छेड़छाड़ के आरोप में लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर 25 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार दोपहर को राज्य की राजधानी रांची से लगभग 20 किलोमीटर दूर, रातू पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले लहना गांव में हुई। रांची के SP (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी ने कहा कि मृतक के परिवार द्वारा रातू पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद, हमने एक आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपी अभी भी फ़रार हैं और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। 

रिपोर्ट: मृत्युंजय 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।