1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पिता की अस्थियां ले जा रहे बेटे की दर्दनाक मौत, मंजर देख राहगीरों के भी थम गए कदम

पिता की अस्थियां ले जा रहे बेटे की दर्दनाक मौत, मंजर देख राहगीरों के भी थम गए कदम

 Published : Mar 09, 2026 08:49 pm IST,  Updated : Mar 09, 2026 08:49 pm IST

हरिपद मोदी अपने परिजनों के साथ दामोदर नदी में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घर में पिता की मौत का मातम तो पहले से था ही, अब बेटे की मौत से घर और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FREEPIK

पिता के अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे बेटे को क्या पता था कि काल उसका रास्ते में इंतजार कर रहा है, जहां वह खुद काल के गाल में चला जाएगा। बता दें कि बोकारो जिले के पिंडाजोरा थाना क्षेत्र के कुर्रा मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय हरिपद मोदी की मौत हो गई। वे अपने पिता की अस्थियां विसर्जित करने के लिए दामोदर नदी जा रहे थे।  इस हादसे का मंजर देख राहगीरों की रूह कांप गई। 

घर में पिता की मौत का मातम तो पहले से था ही, अब बेटे की मौत से घर और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।

कैसे हुआ हादसा?

कुर्रा गांव निवासी हरिपद मोदी के पिता जग्गू मोदी का हाल ही में निधन हो गया था। सोमवार सुबह हरिपद मोदी अपने परिजनों के साथ दामोदर नदी में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कुर्रा मोड़ के पास सड़क पार करते समय बोकारो से पुरुलिया की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हरिपद मोदी की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने सड़क जाम किया।
Image Source : REPORTER INPUTग्रामीणों ने सड़क जाम किया।

सड़क पर बना हंगामे का माहौल

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक प्रशासन की ओर से मुआवजे की घोषणा नहीं की जाएगी, तब तक शव को नहीं उठाने दिया जाएगा। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पिंडाजोरा थाना प्रभारी अविनाश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हृदयविदारक दृश्य देख रो पड़े सभी

पुलिस ने हादसे के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात टेलर वाहन की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी अविनाश रंजन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के घर में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में यह हृदयविदारक दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

(रिपोर्ट- मृत्युंजय मिश्रा)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में DTC बस ने कई राहगीरों को कुचला, 2 की मौके पर ही मौत; गुस्साई भीड़ ने लगा दी आग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।