1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. सरायकेला में रिश्ता शर्मसार! 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, चचेरा भाई गिरफ्तार

सरायकेला में रिश्ता शर्मसार! 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, चचेरा भाई गिरफ्तार

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Aug 04, 2026 01:37 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 01:43 pm IST

सरायकेला में एक युवक ने अपनी चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

सरायकेला-खरसावां: जिले के सीनी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके ही 20 वर्षीय चचेरे भाई पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के समय पीड़िता की चार वर्षीय छोटी बहन भी उसके साथ मौजूद थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस वजह से आरोपी के साथ थी पीड़िता

जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची का परिवार पहले से ही गंभीर पारिवारिक संकट से गुजर रहा है। कुछ समय पूर्व उसकी मां की हत्या हो गई थी और इस मामले में बच्ची के पिता जेल में बंद हैं। इसके बाद से बच्चों की देखभाल और संरक्षण को लेकर उनके बड़े पिता और मामा के परिवार के बीच लगातार विवाद चल रहा था। दोनों परिवार एक ही गांव में आसपास रहते हैं और इसी विवाद के बीच यह घटना सामने आई।

बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों परिवारों के बीच फिर कहासुनी और विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी बच्ची और उसकी चार वर्षीय छोटी बहन को बहाने से घर से कुछ दूरी पर ले गया, जहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय छोटी बहन वहीं मौजूद थी।

मामले को दबाने की पूरी कोशिश हुई

घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिश भी की गई, लेकिन सोमवार को दो परिवारों के बीच हुए मारपीट के मामले की जांच के लिए जब सीनी थाना पुलिस गांव पहुंची, तब पूछताछ के दौरान किसी ग्रामीण ने बच्ची के साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी विनय कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन पूछताछ की, जिसमें पूरा मामला सामने आ गया।

पुलिस ने तत्काल आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। देर रात पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, हालांकि रात अधिक होने के कारण मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका। इसके बाद मंगलवार को आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पीड़िता को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। इससे पहले गुमला में तीन साल की बच्ची के साथ हैवानियत हुई थी।

रिपोर्ट- गंगाधर पांडे

ये भी पढ़ेंः जमशेदपुर में बेलगाम हुए चेन स्नैचर, 24 घंटे में तीन महिलाओं को बनाया निशाना, पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।