1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. आजादी के 80 साल बाद डुमरिया के खैरबनी और बाकड़ाकोचा गांव में पहुंचेगी बिजली, जश्न में डूबे ग्रामीण

आजादी के 80 साल बाद डुमरिया के खैरबनी और बाकड़ाकोचा गांव में पहुंचेगी बिजली, जश्न में डूबे ग्रामीण

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 22, 2026 07:14 pm IST,  Updated : May 22, 2026 07:18 pm IST

पोटका विधानसभा क्षेत्र के दो गांवों में पहली बार बिजली पहुंचने जा रही है। आजादी से लेकर अब तक यहां के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर थे। ग्रामीणों की मांग लंबे समय बाद अब पूरी हुई है।

विधायक का स्वागत करते लोग- India TV Hindi
विधायक का स्वागत करते लोग Image Source : REPORTER

जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों में पहली बार बिजली पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। खैरबनी गांव के बानागोड़ा और पलाशबनी पंचायत के बाकड़ाकोचा गांव के राहड़गोड़ा टोला में विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।

झारखंड सरकार की ‘मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना’ और ‘एमयूजेआई’ के तहत ग्रामीण एवं आदिवासी इलाकों में पहली बार बिजली पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसी योजना के अंतर्गत इन गांवों में बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे।

पहली बार गांव में पहुंचेगी बिजली

बताया जा रहा है कि आजादी के करीब 80 वर्षों बाद इन गांवों में पहली बार बिजली पहुंचेगी, जिससे ग्रामीणों में भारी उत्साह है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का पारंपरिक रीति-रिवाज और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। गांव के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वर्षों से वे बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे, लेकिन अब गांव में विकास की किरण दिखाई देने लगी है।

वर्षों से उपेक्षित गांवों को मिलेगा विकास का उजाला

ग्रामीणों ने कहा कि अब तक कई जनप्रतिनिधि आए और गए, लेकिन किसी ने इन सुदूरवर्ती गांवों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। गांव आज भी सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से दूर थे। अब पहली बार सरकार गांव तक विकास पहुंचाने का काम कर रही है।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की सोच के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बिजली आने से अब बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और ग्रामीणों को भी काफी राहत मिलेगी।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, जल्द समाधान का भरोसा

कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के किसी भी गांव को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

विधायक ने कहा कि गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए काम कर रही है।

“अंतिम गांव तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य”

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी कई गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित थे, लेकिन अब अबुआ सरकार उन इलाकों तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच के कारण सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों को शीघ्र बिजली सुविधा का लाभ मिलना चाहिए, ताकि इन गांवों के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।

रिपोर्ट- गंगाधर पांडे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।