1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. घाटशिला उपचुनाव : चुनाव प्रचार ने पकड़ा जोर, सोरेन सोमवार को करेंगे रोड शो, 11 नवंबर को होगी वोटिंग

घाटशिला उपचुनाव : चुनाव प्रचार ने पकड़ा जोर, सोरेन सोमवार को करेंगे रोड शो, 11 नवंबर को होगी वोटिंग

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Nov 02, 2025 11:33 pm IST,  Updated : Nov 02, 2025 11:33 pm IST

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी एवं गांडेय सीट से विधायक कल्पना सोरेन द्वारा तीन से आठ नवंबर तक कई रैलियां करेंगे। वहीं बीजेपी की ओर से भी कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार के लिए घाटशिला आ रहे हैं।

Hemant Soren- India TV Hindi
हेमंत सोरेन Image Source : PTI

जमशेदपुर (झारखंड): झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और विपक्षी दल भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन घाटशिला उपचुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रचार अभियान के तहत तीन नवंबर से पूर्वी सिंहभूम में रैलियां व रोड शो करेंगे। 

अमित शाह भी आ सकते हैं घाटशिला

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक चंपई सोरेन के सहयोगी कुमार के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच नवंबर को, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी छह नवंबर को, अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती सात नवंबर को और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी आठ नवंबर को प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार के आखिरी दिन नौ नवंबर को घाटशिला आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में कुछ अन्य केंद्रीय मंत्रियों के भी चुनाव प्रचार के लिए घाटशिला आने की संभावना है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और चंपई सोरेन भी निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक प्रचार कर रहे हैं। 

हेमंत सोरेन करेंगे रोड शो और रैलियां

इस बीच, झामुमो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी एवं गांडेय सीट से विधायक कल्पना सोरेन द्वारा तीन से आठ नवंबर तक कई रैलियां आयोजित करने की घोषणा की है।  सोरेन तीन नवंबर को अपराह्न एक बजे मुसाबनी के कुइलिसुता मार्शल मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जबकि चार नवंबर को गांडेय विधायक कल्पना सोरेन घाटशिला के गालूडीह अंचल मैदान में दोपहर 12 बजे और उसके बाद गुड़ाबांदा के सिंहपुरा जयघंटापुर मैदान में दोपहर ढाई बजे जनसभा को संबोधित करेंगी। मुख्यमंत्री छह नवंबर को दामपाड़ा, सात नवंबर को धालभूमगढ़ और आठ नवंबर को घाटशिला के ताम्र प्रतिभा मैदान में रैलियां करेंगे। कल्पना सोरेन उसी दिन मऊभंडार में एक जनसभा को संबोधित करेंगी और जादूगोड़ा से मुसाबनी तक रोड शो का नेतृत्व करेंगी, जिसमें सिदो-कान्हू चौक, सुरदा क्रॉसिंग और मुसाबनी बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभाएं शामिल हैं। 

पूर्व कैबिनेट मंत्री रामदास सोरेन का 15 अगस्त को निधन होने के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। दिवंगत नेता के पुत्र और झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन का मुकाबला भाजपा नेता चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन से होगा। संबंधित घटनाक्रम में, भाजपा की झारखंड इकाई के महासचिव और राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने पूर्वी सिंहभूम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मोहम्मद एजाज रसूल को "पार्टी विरोधी" गतिविधियों और पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने के लिए निष्कासित कर दिया। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।