1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. वाहन से निकला 'चांदी का खजाना’, गिरिडीह में सिल्वर की बड़ी खेप पकड़ी गई; युवक गिरफ्तार

वाहन से निकला 'चांदी का खजाना’, गिरिडीह में सिल्वर की बड़ी खेप पकड़ी गई; युवक गिरफ्तार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 20, 2026 02:55 pm IST,  Updated : Jan 20, 2026 02:56 pm IST

पुलिस ने करीब 1.78 करोड़ रुपये मूल्य की चांदी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। चार पहिया वाहन को रोका गया, जिसमें हजरत अंसारी चांदी की खेप लेकर जा रहा था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PIXABAY.COM

झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस ने करीब 1.78 करोड़ रुपये मूल्य की चांदी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय हजरत अंसारी के रूप में हुई है। यह कार्रवाई राजधनवार थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।

पुलिस के अनुसार, उन्हें एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह चांदी की बड़ी खेप को बेचने की कोशिश कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने राजधनवार थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक चार पहिया वाहन को रोका गया, जिसमें हजरत अंसारी चांदी की खेप लेकर जा रहा था।

दो बैग में छिपाकर रखी थी चांदी

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक विमल कुमार ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो बैग बरामद किए गए। इनमें 32.5 किलोग्राम वजन के चांदी के छह पिघले हुए बिस्कुट और करीब तीन किलोग्राम वजन के चांदी के अन्य आभूषण मिले हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई चांदी का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1.78 करोड़ रुपये आंका गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में राजधनवार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चांदी कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस मामले के पीछे एक बड़ा तस्करी गिरोह हो सकता है। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें-

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन का पहला भाषण, जानें क्या कहा

"मुंबई का मेयर दिल्ली में बैठकर तय किया जाएगा", संजय राउत ने बीजेपी-शिंदे गुट को घेरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।