जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां फिल्मी स्टाइल में एक शख्स का पीछा करके उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने सोमवार को घटना के बारे में जानकारी दी। जिस शख्स को गोली मारी गई उसकी उम्र 35 साल बताई जा रही है। वहीं पुलिस इस हत्या के मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर हुई।
हथियारबंद लोगों ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, संतोष सिंह के घर के पास बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। संतोष भागकर पास के एक घर में घुस गए, लेकिन बंदूकधारियों ने बाइक से उनका पीछा किया और उन्हें गोली मार दी। संतोष सिंह को तीन गोलियां लग गईं। इसके बाद आनन-फानन में उन्हों एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
नगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार शिबाशीष ने डीएसपी भोला प्रसाद के साथ रात में घटनास्थल का दौरा किया। डीएसपी भोला प्रसाद ने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश होने का संदेह है और इसकी जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि संतोष सिंह और उसका भाई हत्या के एक मामले में जेल जा चुके थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सरायकेला-खरसावां में भी हत्या
बता दें कि पिछले सप्ताह सरायकेला-खरसावां जिले में सोमवार को एक फोटो स्टूडियो के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या भी बाइक सवार दो लोगों ने गोली मारकर की थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चांडिल बाजार स्थित दिलीप गोराई के स्टूडियो के खुलते ही हमलावर अंदर घुस गए और उनकी हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर गोराई के परिवार के सदस्य और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें खून से लथपथ पाया। गोराई को जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
जयपुर में बीटेक की छात्रा ने हॉस्टल में किया सुसाइड, छत से छलांग लगाकर दी जान
भारत के इस राज्य में लिथियम की मौजूदगी का संकेत, इलेक्ट्रॉनिक वाहनों के निर्माण को मिलेगा बूस्ट