झारखंड के हजारीबाग जिले में राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान दो लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों घटनाएं टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के झंडा चौक में आधी रात के आसपास अलग-अलग शोभायात्राओं के दौरान हुईं। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान सिलवार गांव के निवासी प्रिंस कुमार (21) और बड़ा बाजार ग्वालटोली के निवासी अभिषेक कुमार (21) के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात शख्स ने किया हमला
सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) अमित आनंद ने कहा, 'शनिवार को राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिषेक कुमार की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हमले के बाद अभिषेक को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SBMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।'
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रिंस कुमार पर भी इसी तरह हमला किया गया और उन्हें भी एसबीएमसीएच ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: