रांचीः बिहार के बाद अब झारखंड में भी सोना-चांदी और अन्य कीमती आभूषणों की दुकानों में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया जा रहा है। राज्य भर की ज्वेलरी दुकानों में खरीदारी के दौरान ग्राहकों को अपना चेहरा पूरी तरह दिखाना अनिवार्य होगा। हिजाब, बुर्का, घूंघट, नकाब, मास्क या हेलमेट पहनकर दुकान में प्रवेश करने पर रोक लगाई जाएगी। यह कदम बढ़ती चोरी, लूट और ठगी की घटनाओं को रोकने और दुकानदारों व ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के मकसद से उठाया जा रहा है।
सोना-चांदी व्यवसाय समिति ने किया फैसले का समर्थन
रांची में सोना-चांदी व्यवसाय समिति के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने इस प्रस्तावित फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सोने-चांदी की कीमतों में निरंतर वृद्धि के कारण आभूषण दुकानों में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं। कई मामलों में नकाबपोश अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो जाता है। चेहरा ढककर प्रवेश पर रोक लगाना एक आवश्यक सुरक्षा उपाय है।
पूरे राज्य के ज्वेलर्स संगठनों की बैठक जल्द
जितेंद्र वर्मा ने बताया कि ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड फेडरेशन यानी AIJGF ने सुरक्षा कारणों से यह निर्देश जारी किया है, जो बिहार में 8 जनवरी से पूर्ण रूप से लागू हो चुका है। झारखंड में भी इसी पैटर्न पर इसे लागू करने की तैयारी चल रही है। रांची सहित पूरे राज्य के ज्वेलर्स संगठनों की बैठक जल्द आयोजित की जाएगी, जिसमें इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा और नियमों को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
यह नियम किसी विशेष धर्म या समुदाय को लक्ष्य करके नहीं बनाया गया है, बल्कि यह सभी प्रकार के चेहरा ढकने वाले कपड़ों या वस्तुओं जैसे हेलमेट, मास्क पर समान रूप से लागू होगा। इसका मुख्य उद्देश्य सीसीटीवी फुटेज और पहचान प्रक्रिया को आसान बनाना है, ताकि अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
रिपोर्ट- मुकेश सिन्हा, रांची