झारखंड के चाईबासा के गोईलकेरा थाना क्षेत्र के दोड़बो गांव में पति-पत्नी की कुल्हाड़ी से मारकर निर्मम हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना बीती रात की है। पुलिस ने बताया कि पति और पत्नी एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने दोनों के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घर के एक अन्य कमरे में उनके दो बच्चे भी सो रहे थे, जिन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बच्चों ने सुबह माता-पिता का शव देखा और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। दोपहर के समय सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, उस समय महिला की सांस चल रही थी। पुलिस ने तत्काल उसे गोइलकेरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती कराया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। हत्या कारण आपसी विवाद हो सकता है।
16 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत 12डी रामपुर गिट्टी मशीन, जेमको मानिफिट मोड़ की रहने वाली 16 वर्षीय लड़की ने कथित रूप से गले में चुन्नी के सहारे आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा 100 डायल पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचते ही परिजनों के साथ गाली-गलौज की गई और शव को जल्द नीचे उतारने के लिए दबाव बनाया गया। इस व्यवहार को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। वहीं, मामले में पुलिस अधिकारी राम नरेश प्रसाद ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
रिपोर्ट- गंगाधर पांडे