1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. टाटा मोटर्स में ड्यूटी के लिए घर से निकला, 10 मिनट बाद हाइवा की चपेट में आ गया; 25 साल के सुमित की दर्दनाक मौत

टाटा मोटर्स में ड्यूटी के लिए घर से निकला, 10 मिनट बाद हाइवा की चपेट में आ गया; 25 साल के सुमित की दर्दनाक मौत

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 15, 2026 01:33 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 01:34 pm IST

सुमित मुंडा रोजाना की तरह आज सुबह करीब 5:30 बजे बाइक से टाटा मोटर्स में ड्यूटी के लिए निकले थे और 10 मिनट बाद ही हादसे के शिकार हो गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

मृतक की फाइल फोटो।- India TV Hindi
मृतक की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा मोटर्स जा रहे 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदनी चौक निवासी सुमित मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, सुमित मुंडा रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे बाइक से टाटा मोटर्स में ड्यूटी के लिए निकले थे। सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक हाईवा ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सुमित की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और वह हाईवा के पहिये की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को मौके पर ही रोक लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परसूडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

मौते के बाद सड़क जाम

युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि संकरी सड़क पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास करते हुए आश्वासन दिया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है।

जहां हादसा हुआ, वह मार्ग काफी संकरा

हादसे के बाद लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि जिस रास्ते पर दुर्घटना हुई है, वह काफी संकरा है लेकिन इसके बावजूद वहां भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती है। उनका आरोप है कि तेज रफ्तार हाइवा और अन्य भारी वाहनों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

(रिपोर्ट- गंगाधर पांडे)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे में बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरी कार, बच्चे सहित 2 की मौत, कई घायल

कुएं में गिरी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 8 लोगों की मौत; PM मोदी और CM फडणवीस ने किया मुआवजे का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।