1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड विधानसभा चुनाव: सरायकेला से चंपई सोरेन के सामने कौन लड़ेगा चुनाव? JMM ने इस सीट पर घोषित किया अपना उम्मीदवार

झारखंड विधानसभा चुनाव: सरायकेला से चंपई सोरेन के सामने कौन लड़ेगा चुनाव? JMM ने इस सीट पर घोषित किया अपना उम्मीदवार

 Published : Oct 25, 2024 10:40 am IST,  Updated : Oct 25, 2024 10:50 am IST

झारखंड में दो चरणों में विधानसभा के चुनाव हैं। पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को है। चुनावी नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

चंपई सोरेन और हेमंत सोरेन- India TV Hindi
चंपई सोरेन और हेमंत सोरेन Image Source : FILE PHOTO

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। पार्टी ने सरायकेला सीट से गणेश महली और खूंटी से रामसूर्या मुंडा को चुनावी मैदान में उतारा है। सरायकेला से बीजेपी ने पूर्व सीएम चंपई सोरेन को चुनावी मैदान में उतारा है। बीजेपी में जाने से पहले चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के ही नेता थे। अब वह बागी हो गए हैं।

हेमंत सोरेन ने दाखिल किया नामांकन पत्र

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को विधानसभा चुनावों के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हेमंत सोरेन ने असम के मुख्यमंत्री और झारखंड बीजेपी के विधानसभा चुनावों के सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा पर कटाक्ष करते हुए उन्हें 'प्रवासी' सीएम कहा था। हेमंत सोरेन ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद राज्य में नहीं दिखेंगे।

हिमंत बिस्वा सरमा हैं प्रवासी सीएम- हेमंत सोरेन

गुरुवार को नामांकन दाखिल करने के बाद हेमंत सोरेन ने कहा, 'आज मैंने विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। 'प्रवासी' सीएम (हिमंत बिस्वा सरमा) यहां हैं और न केवल वे बल्कि उनकी पार्टी के सभी बड़े नेता यहां हैं। वे कुछ दिनों के लिए यहां हैं। उसके बाद वे यहां नहीं मिलेंगे। वे अपना काम कर रहे हैं। मैं अपना काम कर रहा हूं।'

बरहेट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और झामुमो नेता कल्पना सोरेन ने गुरुवार को गांडेय विधानसभा क्षेत्र से अपनी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। कल्पना सोरेन वर्तमान में गांडेय विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

झामुमों ने कुल 37 उम्मीदवारों की जारी की लिस्ट

झामुमो ने चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को 35 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। आज दो उम्मदीवारों के नामों का ऐलान किया है। इस तरह जेएमएम में कुल 37 उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आ गई है। झामुमो और कांग्रेस 81 सदस्यीय विधानसभा में उनके बीच 70 सीटें साझा करेंगे। राजद भी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

बीजेपी ने जारी की 66 उम्मीदवारों की लिस्ट

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 66 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की। पार्टी के राज्य प्रमुख बाबूलाल मरांडी धनवार से, लोबिन हेम्ब्रोम बोरियो से और सीता सोरेन जामताड़ा से चुनाव लड़ेंगे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को सरायकेला से, गीता बालमुचू को चाईबासा से, गीता कोड़ा को जगन्नाथपुर से और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका से उम्मीदवार बनाया गया है। 

बता दें कि झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।