1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के लातेहार में JMM सांसद महुआ मांझी रोड एक्सीडेंट में घायल, बेटे ने बताया कैसे हुआ हादसा

झारखंड के लातेहार में JMM सांसद महुआ मांझी रोड एक्सीडेंट में घायल, बेटे ने बताया कैसे हुआ हादसा

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Feb 26, 2025 09:09 am IST,  Updated : Feb 26, 2025 11:57 am IST

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की राज्यसभा सांसद महुआ मांझी की कार का एक्सीडेंट हो गया है। हादसे में महुआ मांझी और उनके परिवार के कुछ सदस्य घायल हुए हैं।

सांसद महुआ मांझी - India TV Hindi
सांसद महुआ मांझी Image Source : ANI

रांचीः झारखंड के लातेहार जिले में बुधवार को तड़के महाकुंभ से लौटने के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की राज्यसभा सांसद महुआ मांझी की कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई जिससे वह घायल हो गईं। पुलिस ने बताया कि मांझी की बाईं कलाई की हड्डी टूट गयी और उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में उनकी कार में सवार परिवार के अन्य सदस्यों को भी मामूली चोटें आई हैं। 

रोड पर खड़े ट्रक से टकराई कार

यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-75 (एनएच-75) पर होटवाग गांव के पास देर रात करीब ढाई बजे हुई। सदर थाना प्रभारी दुलार चौड़े ने बताया कि दुर्घटना के बाद मांझी को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेन्द्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि मांझी प्रयागराज से अपने बेटे और बहू के साथ रांची लौट रही थीं।  

महुआ मांझी के बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर 

सदर अस्पताल के अनुसार, महुआ मांझी के बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए रांची भेज दिया गया। JMM की राज्यसभा सांसद महुआ माजी को रांची के ऑर्किड मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। प्रयागराज से लौटते समय झारखंड के लातेहार के पास उनका एक्सीडेंट हुआ।

सांसद के बेटे ने बताया कैसे हुआ हादसा

सांसद महुआ माजी के बेटे सोमवित माजी ने बताया कि हम प्रयागराज में महाकुंभ से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। मेरी मां (महुआ माजी) और पत्नी पीछे की सीट पर थीं। मैं कार चला रहा था और करीब 3:45 बजे मुझे नींद आ गई और कार कहीं टकरा गई। कार के अंदर धुआं था और हम बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। मैंने अपनी मां को कार से बाहर निकाला और देखा कि उनकी कलाई टूट गई थी और उनके हाथों से खून बह रहा था।

उन्होंने बताया कि उनके सीने और हाथों में बहुत दर्द हो रहा था। हमने उन्हें लातेहार के एक अस्पताल में भर्ती कराया। उसके बाद हम उन्हें रांची ले गए। डॉक्टरों का कहना है कि उनका बायां हाथ टूट गया है और उनकी पसलियां हल्की क्षतिग्रस्त हैं। उनके हाथों की सर्जरी करनी होगी। वह हमसे बात करने में सक्षम हैं। सभी टेस्ट हो चुके हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।