1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में ऑटो-रिक्शा पर गिरा लाइट वाला खंभा, 2 महिलाओं की मौत, 5 अन्य घायल

झारखंड में ऑटो-रिक्शा पर गिरा लाइट वाला खंभा, 2 महिलाओं की मौत, 5 अन्य घायल

 Published : Feb 04, 2025 07:13 pm IST,  Updated : Feb 04, 2025 09:43 pm IST

रांची के पास एक ऑटो-रिक्शा पर लाइट वाला खंभा गिरने से 2 महिलाओं की मौत हो गई जबकि 5 लोग घायल हो गए। यह घटना नगरी थाना क्षेत्र के एक टोल प्लाजा के पास हुई।

Jharkhand, Jharkhand News, Jharkhand Auto-rickshaw Accident- India TV Hindi
झारखंड के रांची में हुई एक दुर्घटना में 2 महिलाओं की मौत हो गई। Image Source : PTI

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के पास मंगलवार को एक ऑटो-रिक्शा पर लाइट वाला खंभा गिरने से 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में कुल 5 लोगों के घायल होने की भी खबर है। पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना रांची से लगभग 18 किलोमीटर दूर नगरी थाना क्षेत्र के एक टोल प्लाजा के पास हुई। नगरी थाने के प्रभारी अभिषेक राय ने कहा कि एक ‘हाई मास्ट लाइटिंग टावर’ अचानक उखड़कर सड़क पर खड़े ऑटो-रिक्शा पर गिर गया, जिसमें लगभग 8 यात्री सवार थे।

‘अधिकारियों की लापरवाही के कारण गिरा टावर’

थाना प्रभारी राय के मुताबिक, ‘घटना में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। घटना में घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है।’ उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोप लगाया कि टावर संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण गिरा, क्योंकि यह उचित तरीके से नहीं लगाया गया था। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग और पुलिस की टीम तुरंत ही मौके पर पहुंच गई, वरना हादसे में हताहतों की संख्या ज्यादा हो सकती थी।

लातेहार में JJMP के 2 सदस्यों ने किया सरेंडर

वहीं, एक अन्य खबर में भाकपा (माओवादी) से अलग हुए गुट झारखंड जन मुक्ति परिषद यानी कि JJMP के 2 सदस्यों ने मंगलवार को राज्य के लातेहार जिले में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस के बयान के मुताबिक, पप्पू साव और चंदन प्रसाद नाम के 2 आरोपियों ने लातेहार के SP कुमार गौरव के दफ्तर में आत्मसमर्पण किया है। कुमार ने कहा, ‘वे दोनों कई सालों से प्रतिबंधित JJMP से जुड़े हुए थे और बालूमाथ, चंदवा और लातेहार जैसे विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।’ बयान में कहा गया कि पप्पू 4 मामलों व चंदन एक मामले में वॉन्टेड था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।