1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. जमशेदपुर से उड़ान भरने के बाद लापता हुआ प्लेन, सर्च ऑपरेशन जारी; क्रैश होने की आशंका

जमशेदपुर से उड़ान भरने के बाद लापता हुआ प्लेन, सर्च ऑपरेशन जारी; क्रैश होने की आशंका

 Edited By: Amar Deep
 Published : Aug 20, 2024 11:27 pm IST,  Updated : Aug 20, 2024 11:27 pm IST

झारखंड के जमशेदपुर में एक विमान उड़ान भरने के थोड़ी देर के बाद से लापता है। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के 50 मिनट बाद प्लेन से संपर्क टूट गया। अभी तक विमान का कोई पता नहीं चल सका है।

उड़ान भरने के बाद लापता हुआ प्लेन।- India TV Hindi
उड़ान भरने के बाद लापता हुआ प्लेन। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE/PEXELS

जमशेदपुर: जिले के सोनारी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद एक विमान का संपर्क टूट गया। वहीं अभी तक विमान का कोई पता नहीं चल सका है। हालांकि पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि विमान किसी पहाड़ी पर क्रैश हो गया है, लेकिन लापता होने के कई घंटे बाद भी अभी तक विमान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। बताया जा रहा है कि अलकेमिस्ट एविएशन के एक प्रशिक्षण विमान ने मंगलवार दोपहर को जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। फिलहाल लापता विमान की तलाश की जा रही है। 

50 मिनट बाद टूटा संपर्क

दरअसल, जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से मंगलवार सुबह उड़ान भरने के बाद लापता अलकेमिस्ट एविएशन के प्रशिक्षण विमान के बारे में कई घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। विमान के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विमान में पायलट के अलावा एक ट्रेनी सवार था। एयरपोर्ट प्रबंधन ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिला प्रशासन की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि यह दो सीटों वाला सेसना 152 विमान था, जिसने सुबह 10.30 बजे सोनारी एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इसके 50 मिनट बाद 11.20 बजे विमान का संपर्क टूट गया। उन्होंने बताया कि विमान का अंतिम लोकेशन जमशेदपुर से उत्तर-पश्चिम में चांडिल-दलमा की तरफ मिला था।

सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की आशंका को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन को सूचना दी गई है और तलाशी अभियान जोर-शोर से जारी है। इस छोटे विमान में इतना ईंधन नहीं था कि यह इतने लंबे समय तक उड़ान भर सके। ऐसे में विमान के क्रैश होने की आशंका काफी प्रबल है। वहीं इस मामले में जानकारी देते हुे सरायकेला के जिलाधिकारी ने कहा, "हमें एक प्रशिक्षण विमान के लापता होने के बारे में जानकारी मिली है। सरायकेला जिले में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। जमशेदपुर प्रशासन भी खोज में शामिल है। हमने पड़ोसी जिले पुरुलिया, पश्चिम बंगाल को भी सूचित कर दिया है। इससे ​​संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है और उस पर कार्रवाई की जा रही है।'' (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

मंकीपॉक्स के खिलाफ सीरम इंस्टीट्यूट का बड़ा कदम, इतने दिनों में बन सकती है वैक्सीन

भारी बारिश ने मचाई तबाही, भूस्खलन से एक ही परिवार की तीन लोगों सहित 5 की मौत; CM ने जताया दुख

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।