1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फैशन और सौंदर्य
  4. कब और कैसे लगाना चाहिए बालों में प्याज का तेल, इस तरह घर में आसानी से बना सकते हैं

कब और कैसे लगाना चाहिए बालों में प्याज का तेल, इस तरह घर में आसानी से बना सकते हैं

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Feb 18, 2025 10:46 pm IST,  Updated : Feb 18, 2025 10:46 pm IST

How To Apply Onion Oil On Hair: बालों के टूटने और गंजेपन की समस्या से परेशान है तो इसके लिए प्याज का तेल लगाना फायदेमंद होता है। जानिए कब और कैसे लगाना चाहिए प्याज का तेल और इसे कैसे बनाते हैं?

बालों पर प्याज का तेल कैसे लगाएं - India TV Hindi
बालों पर प्याज का तेल कैसे लगाएं Image Source : SOCIAL

बदलते मौसम में बालों की समस्या काफी बढ़ जाती है। आजकल ज्यादातर लोग बालों के टूटने और झड़ने से परेशान हैं। लंबे समय तक बालों का टूटना मुसीबत बन सकता है। इससे गंजेपन की समस्या हो सकती है। कई बार महिलाओं के बाल झड़ने से सिर में जगह-जगह पैच जैसे बन जाते हैं। खराब पानी और प्रदूषण की वजह से भी बाल झड़ने लगते हैं। इसके अलावा बालों की सही देखभाल न करने की वजह से भी ऐसा होता है। अगर आप बालों के झड़ने से परेशान हैं तो इसके लिए प्याज का तेल लगाएं। प्याज का तेल बालों के टूटने की समस्या को कम करता है। इससे नए बाल भी आने लगते हैं।

कब और कैसे लगाएं बालों में प्याज का तेल?

बालों पर प्याज का तेल आप किसी भी वक्त लगा सकते हैं। चूंकि इस तेल में प्याज की स्मैल होती है जो कई बार लोगों को पसंद नहीं आती। ऐसे में आप नहाने से 1-2 घंटे पहले प्याज का तेल लगा लें। समय पूरा होने के बाद बालों को किसी माइल्ड शैंपू से वॉश कर लें। इससे बालों का टूटना धीरे-धीरे कम होने लगेगा।

प्याज का तेल बनाने का तरीका 

प्याज का तेल बनाने के लिए आप 200 ग्राम नारियल का तेल लें। आप कोई दूसरा तेल जैसे सरसों का तेल भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब किसी पैन या कड़ाही में तेल डालें और गर्म करें। इसमें 1 बारीक कटा या कद्दूकस किया प्याज डाल दें। आप इस तेल को और भी असरदार बनाने के लिए 1 कप करी पत्ता भी मिला दें। जब ये चीजें तेल में अच्छी तरह से भुन जाएं तो गैस बंद कर दें। तेल को ठंडा होने दें और फिर इस तेल को बालों पर लगाएं। तेल लगाने के बाद किसी माइल्ड शैंपू से बालों को वॉश कर लें।

प्याज का तेल लगाने के फायदे

प्याज का तेल बालों के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इस तेल में ऐसे एंजाइम्स होते हैं जो बालों के टूटने और झड़ने की समस्या को दूर करते हैं। प्याज वाला तेल लगाने से बालों की अच्छी ग्रोथ होती है। जिस जगह पर बाल कम हो रहे हैं वहां नए बाल भी उगने लगते हैं। बालों की थिकनेस बढ़ाने में भी इससे मदद मिलती है। जिन लोगों के बाल सफेद हो रहे हैं उन्हें भी इस तेल को लगाने से फायदा होगा। स्कैल्प पर होने वाला बैक्टीरियल इंफेक्शन भी दूर होता है। पीएच लेवल बैलेंस्ड रहता है और प्याज का तेल नेचुरल कंडीशनर का काम करता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Fashion and beauty tips से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल