1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. गर्मी में आंवला कैसे खाना चाहिए, जानिए इसे खाने से क्या फायदे मिलते हैं, कैसी होती है आंवला की तासीर

गर्मी में आंवला कैसे खाना चाहिए, जानिए इसे खाने से क्या फायदे मिलते हैं, कैसी होती है आंवला की तासीर

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : May 12, 2026 07:15 am IST,  Updated : May 12, 2026 07:15 am IST

How To Eat Amla In Summer: गर्मी के दिनों में आंवला खाना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। इससे पेट और शरीर दोनों को ठंडक मिलती है। जानिए गर्मी में आंवला खाने का सही तरीका क्या है?

गर्मी में आंवला कैसे खाना चाहिए- India TV Hindi
गर्मी में आंवला कैसे खाना चाहिए Image Source : INDIA TV

आंवला एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन सी से भरपूर फल है। रोजाना आंवला खाने से पेट, बाल, त्वचा और रोग प्रतिरोधक बेहतर होती है। गर्मी में आंवला जरूर खाना चाहिए। इससे पेट और शरीर ठंडा रहता है। आंवला में शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले गुण पाए जाते हैं। इसलिए गर्मियों में आंवला का सेवन आपको जरूर करना चाहिए। गर्मी में आंवला का इस्तेमाल कई तरह से किया जा सकता है। आइये जानते हैं गर्मियों में आंवला खाने के क्या फायदे होते हैं और इसका इस्तेमाल कैसे करें?

गर्मी में आंवला कैसे खाएं?

आंवला का मुरब्बा- गर्मियों में मुरब्बा खाना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। मुरब्बा की तासीर ठंडी मानी जाती है। आंवले के मुरब्बा खाने से न सिर्फ शरीर को आंवला का फायदे मिलते हैं बल्कि कम हो रही एनर्जी एकदम से हाई हो जाती है। गर्मी में रोजाना सुबह खाली पेट 1 आंवला का मुरब्बा खाना फायदेमंद होता है।

आंवला और पुदीना का जूस- आप चाहें तो आंवला का इस्तेमाल जूस के रूप में भी कर सकते हैं। आप इसे पुदीने के पत्तों के साथ पीसकर जूस निकाल लें। गर्मी में आंवला पुदीना का जूस एक बेहतरीन ड्रिंक है, जिसे पीने से गट हेल्थ में सुधार आता है। पेट को ठंडक मिलती है और पाचन भी बेहतर होता है। आंवला जूस पीने से बॉडी डिटॉक्स होती है।

शहद और आंवला- अगर आपके पास समय कम है तो बाजार से आंवला का पाउडर खरीदकर ले आएं। अब रोजाना रात में सोने से पहले 1 छोटी चम्मच आंवला का पाउडर लें और उसे शहद के साथ मिक्स करके खा लें। गर्मियों में इस तरह आंवला खाने से आपको भरपूर फायदे मिलेंगे और झंझट से भी बचे रहेंगे।

आंवला पुदीना की चटनी- खाने से साथ लोग कई तरह की चटनी बनाकर खाते हैं। आप गर्मियों में आंवला और पुदीना को मिक्स करके चटनी बना सकते हैं। इसके लिए कच्चा आंवला, पुदीना, हरी मिर्च, नमक और थोड़ा हरा धनिया डालें। मिक्सर में डालकर चटनी बना लें। इस चटनी को खाने से पाचन मजबूत होगा और पेट को ठंडक मिलेगी।

आंवला और दही- गर्मी के दिनों में लोग दही के साथ भी आंवला पाउडर का सेवन करते हैं। आप सूखे आंवले का पाउडर थोड़ा दही या छाछ में मिलाकर खा सकते हैं। स्वाद के लिए इसमें नमक या थोड़ा शहद मिलाकर इस्तेमाल करें। इससे आपकी गट हेल्थ मजबूत होगी और पेट भी ठंडा रहेगा।

आंवला की तासीर

आंवला (Amla) की तासीर ठंडी होती है। आयुर्वेद में इसे शीतल और पित्तनाशक जड़ी बूटी माना जाता है। गर्मी में आंवला खाने से शरीर की गर्मी कम होती है और पेट की जलन को शांत होती है। इसलिए गर्मी में आपको आंवला किसी न किसी रूप में जरूर खाना चाहिए।

आंवला के फायदे

आंवला के 1-2 नहीं बल्कि अनगिनत फायदे हैं। रोजाना आंवला खाने से एजिंग कम होती है और त्वचा में चमक बढ़ती है। आंवला खाने से बालों का झड़ना, बालों का सफेद होता और पतले होने की समस्या दूर होती है। आंवला खाने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। आंवला खाने से नजर तेज होती है। गैस, कब्ज और एसिडिटी में आंवला बहुत फायदेमंद है। डायबिटीज में आंवला ब्लड शुगर को कंट्रोल रखता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल