ज्यादातर लोग कुकर का इस्तेमाल चावल और दाल बनाने के लिए करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुकर का इस्तेमाल आप अंडे उबालने के लिए भी कर सकते हैं। कुकर में अंडे उबालना बेहद आसान है, सिर्फ 5 मिनट में अंडे उबल जाते हैं। दरअसल अंडे उबालने में कई लोगों को काफी परेशानी होती है। अंडे या तो टूट जाते हैं या फिर कच्चे रह जाते हैं। ऐसे में अंडे उबालने के लिए आप ये आसान सा ट्रिक अपना सकते हैं। चलिए जानते हैं।
जरूरी सामान
- अंडे
- पानी: 1 से 1.5 कप
- नमक: 1 छोटा चम्मच
स्टेप 1- कुकर में सावधानी से अंडे रखें। ध्यान रहे कि अंडे एक-दूसरे के ऊपर न हों, बल्कि तली में एक ही परत में हों।
स्टेप 2- कुकर में इतना पानी डालें कि अंडे आधे डूब जाएं। बहुत ज्यादा पानी भरने की जरूरत नहीं है। पानी में थोड़ा सा नमक डाल दें।
स्टेप 3- मध्यम आंच पर कुकर बंद करके 1 सीटी आने दें।जैसे ही एक सीटी आए, गैस तुरंत बंद कर दें।
स्टेप 4- कुकर का प्रेशर निकलनें दें। कुकर को जबरदस्ती न खोलें, क्योंकि उस भाप में भी अंडे पकते हैं।
स्टेप 5- कुकर खोलकर अंडों को तुरंत बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें। इससे कुकिंग प्रोसेस रुक जाता है और अंडे का छिलका बहुत सफाई से निकलता है। इसके बाद अंडे को छील लें और इसका आनंद उठाएं।
इस बात का रखें ध्यान
अगर आप चाहते हैं कि अंडे कुकर की तली से टकराकर न टूटें, तो आप कुकर के अंदर वाले स्टीमर स्टैंड या जाली का उपयोग कर सकते हैं। अंडों को जाली के ऊपर रखें और पानी नीचे रहने दें।