गैस चुल्हे का इस्तेमाल दिन भर में 10 दफा होता है। ऐसे में गैस बर्नर के छोटे-छोटे छेद अक्सर तेल, मसालों और कचरे से भर जाते हैं और इनसे पीली फ्लेम निकलने लगती है। इसकी वजह से लौ भी धीमी हो जाती है और खाना बनने में काफी समय लगता है। ऐसे में गैस की बर्बादी भी ज्यादा होती है और गैस जल्दी खत्म हो जाता है। अगर आपके घर का गैस बर्नर भी गंदा हो गया है और इसे आप साफ करना चाहते हैं तो यहां हम आपको कुछ आसान घरेलू नुस्खे के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप सिर्फ 2 मिनट में गंदे से गंदा गैस बर्नर क्लीन कर सकते हैं।
इस तरह गैस बर्नर करें क्लीन
गैस बर्नर को साफ करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म करें। अब इसमें गैस बर्नर डालें और कुछ देर के लिए छोड़ दें। फिर इस पर ENO डालें और कुछ देर के लिए फिर छोड़ दें। अब डिश वॉश सोप लें और बर्नर को रगड़कर साफ करें। इसे साफ करने के बाद पानी से धो लें और सूखे कपड़े से पोंछ लें। मिनटों में बर्नर बिल्कुल नए जैसा चमक जाएगा।
अन्य घरेलू नुस्खे
सिरका और बेकिंग सोडा
यह नुस्खा भारी गंदगी और जमी हुई कालिख के लिए सबसे बेस्ट है। इसके लिए एक कटोरी में सिरका और पानी बराबर मात्रा में मिलाएं। इसमें बर्नर को रात भर या कम से कम 2-3 घंटे के लिए भिगो दें। फिर बर्नर निकालने के बाद उस पर थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़कें और पुराने टूथब्रश से रगड़ें। एसिडिक रिएक्शन से सारी गंदगी फूलकर आसानी से निकल जाएगी।
नींबू और नमक
अगर बर्नर पर हल्की चिकनाई है, तो यह तरीका बहुत सरल है। इसके लिए एक नींबू को आधा काटें और उस पर थोड़ा नमक डालें। इसे बर्नर पर रगड़ें। नींबू का रस ग्रीस को काटता है और नमक स्क्रब की तरह काम करता है। ऐसा करने से बर्नर की चमक वापस आ जाएगी।