पुदीने की पत्तियां खाने में सुंगंध के अलावा एक्स्ट्रा स्वाद जोड़ने का काम करती है। तो अगर आप खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ पुदीने की ताजगी को लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं, तो घर पर पुदीना पाउडर बनाना एक बेहतरीन विकल्प है। बाजार में मिलने वाले पुदीना पाउडर की तुलना में घर पर तैयार किया गया पाउडर ज्यादा शुद्ध, खुशबूदार और बिना किसी प्रिजर्वेटिव के होता है। इसका इस्तेमाल रायता, छाछ, चटनी, सलाद, मसाला और कई तरह की रेसिपी में किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।
पुदीना का पाउडर बनाने की विधि?
-
पुदीना का पाउडर बनाने के लिए, सबसे पहले पुदीना की पत्तियों को डंठल से अलग कर लें और साफ पानी से 2-3 बार अच्छी तरह धो लें ताकि उन पर लगी धूल-मिट्टी पूरी तरह साफ हो जाए। इसके बाद पत्तियों का अतिरिक्त पानी छलनी या किचन टॉवल की मदद से निकाल दें। उन्हें कॉटन के कपड़े से अच्छी तरह से पोछ लें।
-
उसके बाद, अब इन पत्तियों को एक साफ सूती कपड़े या ट्रे पर फैलाकर छाया में 2-3 दिनों तक सुखाएं। बीच-बीच में पत्तियों को पलटते रहें ताकि वे हर तरफ से अच्छी तरह सूख जाएं। अगर मौसम में नमी ज्यादा हो, तो इन्हें हल्की धूप में भी सुखाया जा सकता है। ध्यान रखें कि पत्तियां पूरी तरह सूखकर कुरकुरी हो जाएं।
-
जब पत्तियां अच्छी तरह सूख जाएं, तो उन्हें मिक्सर-ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें। इसके बाद पाउडर को छलनी से छान लें ताकि एकदम महीन पुदीना पाउडर तैयार हो जाए। आपका होममेड पुदीना का पाउडर बनकर तैयार है, अब तैयार पुदीना पाउडर को एयरटाइट कांच के जार में भरकर ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर करें। सही तरीके से रखने पर यह 4 से 6 महीने तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
कैसे करें इस्तेमाल?
इस होममेड पुदीना पाउडर को रायता, छाछ, दही, सलाद, सैंडविच, मसाला मिश्रण और कई तरह के स्नैक्स में मिलाकर स्वाद बढ़ाया जा सकता है। यह खाने में ताजगी और बेहतरीन फ्लेवर जोड़ने का आसान तरीका है। इसके अलावा आप घर पर पुदीना की चटनी भी आसानी से बना सकते हैं।