1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. लंबा या गोल कौन से आकार का पपीता ज्यादा मीठा होता है, खरीदने से पहले जान लें ये काम के टिप्स

लंबा या गोल कौन से आकार का पपीता ज्यादा मीठा होता है, खरीदने से पहले जान लें ये काम के टिप्स

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Mar 06, 2026 12:07 pm IST,  Updated : Mar 06, 2026 12:07 pm IST

Long Or Round Papaya: पपीता खरीदते समय अक्सर लोग कंफ्यूज हो जाते हैं, कि लंबा पपीता खरीदें या गोल शेप वाला पपीता? कई लोगों को समझ नहीं आता कि इनमें से कौन सा पपीता ज्यादा मीठा और स्वादिष्ट होता है। आइये जानते हैं पपीता खरीदने की ये ट्रिक।

गोल या लंबा कौन सा पपीता मीठा होता है- India TV Hindi
गोल या लंबा कौन सा पपीता मीठा होता है Image Source : FREEPIK

Papaya Buying Tips: अगर आप अपनी डाइट में हेल्दी फूड शामिल करना चाहते हैं, तो पपीता जरूर खाएं। यह फल विटामिन और फाइबर से भरपूर होता है और सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। पपीता खाने से पाचन बेहतर रहता है और पेट भी साफ रहता है। इसमें मौजूद विटामिन ए आंखों की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। वहीं पका हुआ और मीठा पपीता स्वाद में भी काफी लाजवाब लगता है। लेकिन कई बार लोगों को मीठे पपीता की पहचान नहीं हो पाती है। दुकानदार जो पीले रंग का पपीता दिखता है वही पकड़ा देते हैं। लेकिन हर पीला पपीता मीठा हो ऐसा जरूरी नहीं है। कुछ लोग लंबा और गोल पपीता को लेकर भी कंफ्यूज रहते हैं। बाजार में लंबा और गोल दोनों तरह के पपीते मिलते हैं, इसलिए यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि कौन सा खरीदना चाहिए। आज हम आपको मीठा पपीता पहचानने के कुछ आसान तरीके बता रहे हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर पपीता खरीदें।

लंबा या गोल कौन सा पपीता ज्यादा मीठा होता है?

बाजार में मिलने वाले गोल और लंबे दोनों तरह के पपीते अपने-अपने तरीके से अलग होते हैं। आमतौर पर गोल पपीता ज्यादा मीठा माना जाता है। इसमें बीज भी लंबे पपीता से कम होते हैं। वहीं लंबा पपीता, जिसे कई जगह “पूसा जाइंट” किस्म का पपीता कहा जाता है, पूरे साल आसानी से मिल जाता है। इस लंबे पपीते में बीज ज्यादा होते हैं और स्वाद के मामले में यह गोल पपीते की तुलना में थोड़ा कम मीठा और कम रसीला होता है।

मीठे पपीते की पहचान कैसे करें?

अब अगर आपने गोल पपीता खरीदने का मन बना लिया है, तो यह भी जानना जरूरी है कि पपीता सही तरीके से पका है या नहीं। इसके लिए सबसे पहले उसके रंग को ध्यान से देखें। अच्छे पके पपीते में हरे और नारंगी रंग का मिश्रण दिखाई देता है। यानी पपीता धीरे-धीरे हरे से नारंगी रंग में बदल रहा हो, तो यह इस बात का संकेत है कि वह प्राकृतिक तरीके से पका है। इसके अलावा पपीते की बाहरी परत चिकनी और ताजी दिखनी चाहिए। ऐसा पपीता आमतौर पर ज्यादा रसीला और मीठा निकलता है। पपीता खरीदने से पहले उसे हल्का सा दबाकर भी देख सकते हैं। अगर वह थोड़ा नरम महसूस हो रहा है, तो समझ लीजिए कि वह खाने के लिए तैयार है। अगर पपीता ऊपर से बहुत ज्यादा पीला है तो ऐसा पपीता खरीदने बचें। कई बार ज्यादा पीला पपीता मीठा नहीं निकलता है।

पपीता खाने के फायदे

पपीता सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद फल है। इसमें विटामिन सी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। विटामिन सी शरीर में व्हाइट ब्लड सेल्स के निर्माण को बढ़ावा देता है और कई तरह के संक्रमण से बचाने में सहायक होता है। इसलिए रोजाना पपीता खाना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल