1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बादाम का हलवा खाते ही बेजान शरीर में आ जाएगी ताकत, सावन के सोमवार व्रत में भी खा सकते हैं, जानिए रेसिपी

बादाम का हलवा खाते ही बेजान शरीर में आ जाएगी ताकत, सावन के सोमवार व्रत में भी खा सकते हैं, जानिए रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Jul 14, 2025 09:24 am IST,  Updated : Jul 14, 2025 11:01 am IST

Badam Ka Halwa Recipe: सावन के सोमवार का व्रत रखा है तो आप बादाम का हलवा बनाकर खा सकते हैं। दिन में 1 बार अगर आपने ये हलवा खा लिया तो दिनभर ताकत और एनर्जी से भरपूर रहेंगे। बादाम का हलवा खाने में टेस्टी और पौष्टिक तत्वों से भरपूर होता है। जानिए बादाम का हलवा बनाने की रेसिपी।

बादाम का हलवा रेसिपी- India TV Hindi
बादाम का हलवा रेसिपी Image Source : SOCIAL

हलवा का स्वाद ज्यादातर भारतीय लोगों ने कभी न कभी जरूर चखा होता है। भंडारे का हलवा हो या कंजकों में मिलने वाला हलवा, इनका स्वाद ही अलग होता है। मौसम के हिसाब से अलग-अलग चीजों से हलवा बनता है। जैसे गर्मियों में मूंगदाल का हलवा खाते हैं तो सर्दियों में गाजर का हलवा खाया जाता है। व्रत उपवास में लौकी का हलवा और बादाम का हलवा भी खा सकते हैं। आज हम आपको बादाम का स्वादिष्ट और पौष्टिक तत्वों से भरपूर हलवा बनाना बता रहे हैं। बादाम का हलवा बनाना भी आसान है। आप इसे सावन के सोमवार व्रत में बनाकर आसानी से खा सकते हैं। आइये जानते हैं बादाम का हलवा बनाने की रेसिपी

बादाम का हलवा रेसिपी (Almond Halwa Recipe In Hindi)

पहला स्टेप- सबसे पहले 100 ग्राम बादाम को रातभर पानी में भिगो दें। अब सुबह पानी को बादाम के साथ ही हल्का गर्म कर लें। इससे बादाम छीलने का काम बहुत आसान हो जाएगा। हाथ लगाते ही बादाम के छिलके अलग हो जाएंगे।

दूसरा स्टेप- सारे बादामों को छीलकर रख लें और मिक्सी के जार में डालकर पीस लें। बादाम को पीसने के लिए 2 चम्मच पानी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ध्यान रखें इसे बहुत ज्यादा पतला पेस्ट जैसा नहीं पीसना है। बादाम का हलवा हल्का दरदरा ही बनता है तो उसी हिसाब से पीसें।

तीसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में 3-4 चम्मच घी डालें और इसमें पिसा हुआ बादाम डालकर ब्राउन होने तक चलाते हुए भून लें। अब इसमें 1 कप दूध को थोड़ा-थोड़ा डालकर मिक्स करते जाएं। रंग के लिए बादाम के हलवा में भीगी हुई केसर डाल दें।

चौथा स्टेप- बादाम के हलवा में मिठास के हिसाब से चीनी डालें और लगातार चलाते हुए भूनते रहें। कुछ देर तक चलाने के बाद बादाम का हलवा घी छोड़ने लगेगा। इस स्टेज पर हलवा में पिसी हुई इलायची डालकर मिक्स कर दें। तैयार है गर्मागरम बादाम का हलवा।

पांचवां स्टेप- बादाम का हलवा खाते ही शरीर में ताकत आ जाएगी। अगर आपका व्रत है तो दिन में सिर्फ 1 बार ये हलवा खा लें, आपको भरपूर एनर्जी मिलती रहेगी और भूख भी नहीं लगेगी। जिन लोगों का शरीर कमजोर है उन्हें बादाम का हलवा जरूर खाना चाहिए।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल