1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. भरवां करेला बनाते वक्त मसाले में मिला दें ये 2 चीजें, मिलेगा दादी नानी वाला स्वाद, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

भरवां करेला बनाते वक्त मसाले में मिला दें ये 2 चीजें, मिलेगा दादी नानी वाला स्वाद, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Apr 17, 2026 12:28 pm IST,  Updated : Apr 17, 2026 12:45 pm IST

Bharwan Karela Recipe: भरवां करेला खाने में काफी स्वादिष्ट लगते हैं। ये नॉर्मल करेला से कम कड़वे होते हैं। हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं जिससे भरवां करेला बिल्कुल भी कड़वे नहीं बनेंगे। फटाफट नोट कर लें भरवां करेला की रेसिपी।

भरवां करेला की रेसिपी- India TV Hindi
भरवां करेला की रेसिपी Image Source : FREEPIK

गर्मी में करेला का सीजन होता है। करेला की सब्जी लोगों को कड़वी जरूर लगती है लेकिन इसके फायदे जानकर लोग इसे खाना पसंद करते हैं। करेला की कटी सब्जी का स्वाद कड़वा होता है लेकिन इसे भरवां बनाने से कड़वापन कम हो जाता है। भरवां करेला को दाल के साथ खाने में अलग ही मजा आता है। सबसे खास बात जिन लोगों को रोज सब्जी बनाने में झंझट लगता है वो भरवां करेला बनाकर कई दिनों तक खा सकते हैं। भरवां करेला बनाते वक्त अगर आप कुछ टिप्स को फॉलो करेंगे तो स्वाद बिल्कुल भी कड़वा नहीं लगेगा। इससे आपको एकदम दादी नानी के हाथ वाले करेला का स्वाद आएगा। फटाफट नोट कर लें भरवां करेला की रेसिपी।

भरवां करेला की रेसिपी

करेले का कड़वापन निकालने के टिप्स- सबसे पहले करेला का कड़वापन निकालना जरूरी है। भरवां करेला के लिए मीडियम साइज के करेला लें। करेला को छीलकर अंदर के बीज निकाल दें। अब नमक और हल्दी में थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल बना लें। इस घोल को करेला पर अच्छी तरह से लगा लें। 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें और फिर साफ पानी से धो लें।

करेले को फ्राई कर लें- अब करेले का कड़वापन कम करने के लिए आप इन्हें पहले हल्का फ्राई कर लें। जब करेला का पानी सूख जाए तो इन्हें सरसों के तेल में हल्का फ्राई कर लें। इससे करेले का कड़वापन दूर हो जाएगा और भरवां करेला का स्वाद और भी बढ़ जाएगा। इसी कड़ाही में करेला कि छिलके और बीज भी भून लें। 

भरवां करेला का मसाला- अब भरवां करेला का लिए मसाला बनाएं। इसके लिए 2-3 प्याज को कद्दूकस कर लें। इसमें लहसुन और अदरक कूटकर डाल दें। अब कड़ाही में सरसों के तेल डालें और इसमें हींग, जीरा, सौंफ, कलौंजी डालकर चटकाएं। अब प्याज, लहसुन-अदरक डालकर भून लें। इसमें सूखा धनिया, हल्दी, नमक, लाल मिर्च, आमचूर पाउडर, सौंफ पाउडर मिला दें। मसाले को भूनते वक्त ही आप इसके भुने हुए करेला के बीज और छिलका भी मिला दें। इससे भरवां करेला में दादी नानी वाला स्वाद मिलेगा।

करेले में मसाला कैसे भरें- अब तैयार किए गए मसाले को हल्का ठंडा कर लें। फ्राई किए गए करेला में मसाला भरें और करेला को किसी धागे से लपेटते हुए बंद करते जाएं। सारे करेला ऐसे ही तैयार कर लें। अब कड़ाही में सिर्फ 1-2 चम्मच तेल डालकर सारे करेला फिर से कड़ाही में रख दें। गैस की फ्लेम कम कर दें और पलटते हुए करेला को थोड़ी देर फ्राई कर लें।

भरवां करेला की सब्जी बनकर तैयार है। आप इसे कई दिनों तक दाल के साथ, पराठे और चावल के साथ खा सकते हैं। सफर में ले जाने के लिए भरवां करेला अच्छी सब्जी क्योंकि ये कई दिनों तक खराब नहीं होती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल