1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गुलाब जामुन बनाने में हलवाई अपनाते हैं ये सीक्रेट, बिना फटे एकदम मुलायम बनते हैं रसगुल्ले, आप भी ट्राई करें

गुलाब जामुन बनाने में हलवाई अपनाते हैं ये सीक्रेट, बिना फटे एकदम मुलायम बनते हैं रसगुल्ले, आप भी ट्राई करें

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 11, 2026 02:46 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 02:46 pm IST

गुलाब जामुन बनाने में हलवाई कई सीक्रेट अपनाते हैं जिससे गुलाब जामुन एकदम मुलायम और बिना फटे बनते हैं। अगर आपके गुलाब जामुन कड़े बनते हैं और फट जाते हैं तो एक बार इस ट्रिक से गुलाब जामुन बनाकर देखें। नोट कर लें रेसिपी।

हलवाई जैसे गुलाब जामुन की रेसिपी- India TV Hindi
हलवाई जैसे गुलाब जामुन की रेसिपी Image Source : INDIA TV

त्योहार हो या कुछ मीठा खाने का मन हो गुलाब जामुन लोगों की पहली पसंद होते हैं। रस में डूबे मुलायम गुलाब जामुन देखते ही मुंह में पानी आने लगता है। अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं तो घर में मावा से गुलाब जामुन बना सकते हैं। लेकिन कई बार घर में गुलाब जामुन बनाने उतने मुलायम नहीं बनते और फटने लगते हैं। ऐसे में हम आपको हलवाइयों की खास ट्रिक बता रहे हैं जिसे गुलाब जामुन बनाने में वो खुद इस्तेमाल करते हैं। इससे गुलाब जामुन बहुत टेस्टी और बिना फटे बनते हैं।

हलवाई जैसे गुलाब जामुन बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले 1 कप चीनी और आधा कप पानी को एक पैन में डालकर गैस पर चढ़ा दें और इससे चिपचिपी चाशनी तैयार कर लें। ध्यान रखें गुलाब जामुन की चाशनी आपको ज्यादा गाढ़ी नहीं करनी है। चीनी घुलने के बाद 5 मिनट उबाल आने दें और चाशनी में इलायची पाउडर, केसर के धागे डाल दें। चाशनी गाढ़ी न हो इसके लिए बनने के बाद 2-3 बूंद नींबू डाल दें।

दूसरा स्टेप- अब एक बड़ी प्लेट लें और उसमें आधा कप ताजा मावा, 3 चम्मच मैदा, 2 बड़े चम्मच कद्दूकस किया पनीर, 1 चुटकी बेकिंग पाउडर डाल कर सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। आपको इससे एक चिकना और नरम आटे जैसा तैयार करना है। अब आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।

तीसरा स्टेप- 10 मिनट बाद आटे को एक बार फिर हाथ से अच्छी तरह मसल लें। अगर आटा सख्त लगे तो इसमें 2-3 चम्मच दूध मिलाकर इसे मुलायम कर लें। आटा जितना मुलायम होगा गुलाब जामुन उतने ही बिना फटे और बिना दरार वाले बनेंगे। इससे गुलाब जामुन अंदर से भी मुलायम रहेंगे।

चौथा स्टेप- अब आटे से अपने हिसाब से गुलाब जामुन के लिए लोई लें और उसे हाथ से गोल घुमाते हुए गुलाब जामुन की शेप दें। सारे गुलाब जामुन इसी तरह से तैयार कर लें। अब कढाई में घी या तेल डालकर मीडियम गर्म करें। इसमें तैयार किए गुलाब जामुन डालें और आंच धीमी कर दें। अब गुलाब जामुन को अच्छा गुलाबी होने तक फ्राई करें।

पांचवां स्टेप- शुरुआत में गुलाब जामुन को चम्मच से बहुत ज्यादा टच नहीं करना है। ऐसा करने से गुलाब जामुन टूट सकते हैं। जब गुलाब जामुन फ्राई हो जाएं तो इन्हें हल्की गुनगुनी चाशनी में डाल दें। आधा घंटे के लिए गुलाब जामुन को ऐसे ही छोड़ दे। सारे गुलाब जामुन ऐसे ही तैयार कर लें। एकदम मुलायम मावा पनीर गुलाब जामुन बनकर तैयार हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल