1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कच्ची अमिया की लौंजी खाएंगे तो भूल जाएंगे सारी सब्जियों का स्वाद, देखते ही मुंह में आने लगेगा पानी, जानिए रेसिपी

कच्ची अमिया की लौंजी खाएंगे तो भूल जाएंगे सारी सब्जियों का स्वाद, देखते ही मुंह में आने लगेगा पानी, जानिए रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Apr 08, 2025 10:53 am IST,  Updated : Apr 08, 2025 10:53 am IST

Amiya Ki Launji: कच्चे आम या अमिया की लौंजी खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने के लिए कच्चे आम को फायगेमंद माना जाता है। आप इसकी लौंजी बनाकर खा सकते हैं। जानिए कैसे बनाते हैं अमिया की लौंजी।

अमिया की लौंजी रेसिपी- India TV Hindi
अमिया की लौंजी रेसिपी Image Source : INDIA TV

कच्ची कैरी, कच्ची अमिया या कच्चा आम खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। इन दिनों कच्चे आम का सीजन है। तेज हवा और आंधी में कच्चे आम गिरने लगते हैं। इन आम का इस्तेमाल अचार बनाने, आम पन्ना बनाने, चटनी और लौंजी बनाने में किया जाता है। कच्चे आम की खट्टी मीठी सब्जी जिसे लौंजी कहते हैं खाने में बहुत ही टेस्टी लगती है। आप मिनटों में इस अमिया की लौंजी बना सकते हैं। खास बात ये है कि लौंजी कई दिनों तक रखने पर भी खराब नहीं होती है। आइये जानते हैं कैसे बनाते हैं अमिया की लौजी और इसमें क्या क्या डालते हैं?

अमिया की लौंजी कैसे बनाते हैं?

पहला स्टेप: अमिया की लौंजी बड़ी आसानी से बनने वाली रेसिपी है। किसी भी चीज की लौंजी में बहुत ज्यादा चीजें नहीं पड़ती है। अमिया की लौंजी बनाने के लिए कच्ची अमिया को धोकर छील लें।

दूसरा स्टेप: कच्चे आम को मोटे-मोटे टुकड़ों में काट लें और गुठली को निकाल दें। अगर गुठली पर छिल्ली बन गई है तो इसे भी लौंजी में डाल सकते हैं। अब लौंजी बनाने के लिए आपको कुछ सूखे मसालों की जरूरत होगी।

तीसरा स्टेप: जिसमें 1 बड़ा चम्मच सौंफ पाउडर, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक और हल्दी पाउडर। इसके अलावा मीठा करने के लिए आपको गुड़, शक्कर या चीनी की जरूरत होगी।

चौथा स्टेप: लौंजी बनाने के लिए गैस ऑन करके एक कड़ाही रख दें। अब कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल डालें। तेल गर्म होने के बाद आधा चम्मच सौंफ डालें। तुरंत ही हल्दी डालकर कटी अमिया डाल दें। हल्दी के साथ अमिया को मिक्स कर दें।

पांचवां स्टेप: ऊपर से नमक, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, डालें। अब लौंजी में अपने हिसाब से पानी डाल दें और इसे ढ़ककर पकाएं। जब अमिया गल जाएं और पानी थोड़ा कम हो जाए तो इसमें गुड़ डाल दें।

छठा स्टेप: गुड़ घुलने के बाद एक बार नमक, मिर्च और मीठा चेक कर लें। कई बार लौंजी काफी खट्टी बनती है। आप इसे अपने स्वादानुसार खट्टा या मीठा बना सकते हैं। पानी भी अपने हिसाब से रखें। अगर पतली लौंजी पसंद है तो पानी ज्यादा रखें। 

सातवां स्टेप: अगर गाढ़ी लौंजी खाना पसंद है और इसे रोटी या पराठा के साथ खाएंगे तो पानी कम ही रखें। तैयार है टेस्टी लौंजी, जिसे आप रोटी, पराठा या चावल के साथ खा सकते हैं। इसे हफ्तों स्टोर करके रख सकते हैं। इस तरह बनी लौंजी काफी दिनों तक खराब नहीं होती। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल