1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर में च्यवनप्राश कैसे बनाएं, क्या-क्या डालें, टेस्टी तो होगा ही, ठंड भी नहीं लगेगी

घर में च्यवनप्राश कैसे बनाएं, क्या-क्या डालें, टेस्टी तो होगा ही, ठंड भी नहीं लगेगी

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Dec 16, 2025 09:23 pm IST,  Updated : Dec 16, 2025 09:23 pm IST

Chyawanprash Recipe: सर्दियों में अक्सर पोषक तत्वों से भरपूर च्यवनप्राश खाने की सलाह दी जाती है। आइए घर पर च्यवनप्राश बनाने की बेहद आसान रेसिपी के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।

च्यवनप्राश की रेसिपी- India TV Hindi
च्यवनप्राश की रेसिपी Image Source : ANAMIKARASOIKITCHEN/HEALTHYWAYOFFICIAL

च्यवनप्राश को सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। आइए सबसे पहले च्यवनप्राश बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री के बारे में जानकारी हासिल कर लेते हैं। च्यवनप्राश बनाने के लिए आपको 500 ग्राम आंवला, 250 ग्राम शुद्ध शहद, 100 ग्राम देसी घी, 50 ग्राम पिप्पली, 50 ग्राम बंशलोचन, 20 ग्राम दालचीनी, 10 ग्राम तेजपत्ता, 5 ग्राम नागकेसर, 6 छोटी इलायची, केसर के कुछ धागे, 50 ग्राम बारीक कटे हुए अखरोट, 50 ग्राम बारीक कटे हुए बादाम, 50 ग्राम किशमिश और 50 ग्राम खजूर की जरूरत पड़ेगी। ये है पोषक तत्वों से भरपूर च्यवनप्राश की रेसिपी...

पहला स्टेप- सबसे पहले फ्रेश आंवलों को धो लीजिए और फिर ठीक से सुखाने के बाद छोटे-छोटे पीस में काट लीजिए।

दूसरा स्टेप- अब आपको मिक्सर में पिप्पली, बंशलोचन, दालचीनी, तेजपत्ता, नागकेसर और छोटी इलायची निकालनी है। इन सभी चीजों को पीसकर एक पाउडर तैयार कर लीजिए।

तीसरा स्टेप- एक पैन में देसी घी एड कर इसे गर्म कर लीजिए। इसके बाद गर्मागर्म देसी घी में आंवले के टुकड़ों को धीमी आंच पर तब तक भून लीजिए जब तक ये नरम न हो जाएं।

चौथा स्टेप- अब आपको आंवलों के साथ पिसे हुए मसालों के पाउडर को अच्छी तरह से मिला लेना है। इसके बाद इस मिक्सचर के ठंडे होने का इंतजार कीजिए।

पांचवां स्टेप- जब तक मिक्सचर ठंडा हो रहा है, तब तक बादाम और अखरोट को बारीक-बारीक काट लीजिए। इसके बाद आपको मिक्सचर में बादाम, अखरोट, शहद, किशमिश और खजूर को मिला लेना है।

छठा स्टेप- अब थोड़े से दूध में केसर के कुछ धागों को भिगोकर छोड़ दीजिए। थोड़ी देर के बाद आपको केसर वाले दूध को इस मिक्सचर में एड कर देना है।

आपका होममेड च्यवनप्राश बन चुका है। अब आप बिना मिलावट वाले इस च्यवनप्राश के टेस्ट का लुत्फ उठा सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि च्यवनप्राश को स्टोर करने के लिए सूखे कांच के जार का इस्तेमाल करें। सर्दियों में रोज एक स्पून च्यवनप्राश खाएं और खुद को हेल्दी और फिट बनाए रखें।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल