दही खाने में बहुत टेस्टी लगता है। हालांकि कुछ लोग सिर्फ बाजार का दही खाते हैं, क्योंकि ये गाढ़ा और मलाईदार होता है। आप चाहें तो घर में भी एकदम गाढ़ा और मलाईदार दही जमा सकते हैं। इसके लिए दही जमाते वक्त कुछ खास टिप्स को फॉलो करना जरूरी है। आज हम आपको स्टेप-बाय-स्टेप दही जमाने का तरीका बता रहे हैं। एक बार इस तरह दही जमाना आपने सीख लिया तो बाजार से दही खरीदकर खाना भूल जाएंगे। सबसे खास बात ये है कि इस तरह जमा हुआ दही बिल्कुल भी खट्टा नहीं होता। नोट कर लें दही जमाने के खास टिप्स।
गाढ़ा मलाईदार दही कैसे जमाएं
पहला स्टेप- गाढ़ा और मलाईदार दही जमाने के लिए आपको फुल क्रीम दूध या भैंस वाला दूध लेना होगा। दूध को अच्छी तरह से उबाल लें। थोड़ी देर के लिए गैस की फ्लेम स्लो कर दें और दूध को उबलने दें। अब गैस बंद कर दें और दूध को हल्का ठंडा होने दें।
दूसरा स्टेप- गर्मी में दही जमा रहे हैं तो चौड़ा बर्तन लें और सर्दी में दही जमा रहे हैं तो थोड़ा ऊंचा और गहरा बर्तन लें। इसमें उबला हुआ दूध डाल दें। अब एक चम्मच में थोड़ा दूध लेकर टेंपरेचर चेक कर लें। दूध का तापमान उंगली सहने जितना होना चाहिए।
तीसरा स्टेप- अगर टेंपरेचर उंगली सहने वाला है तो इसमें 1-2 चम्मच गाढ़ा दही जगह-जगह पर डाल दें। ध्यान रखें कि दही डालने के बाद आपको इसे मिक्स नहीं करना है। बस ऐसे ही दही डालकर बर्तन को ढककर रख दें। अब जिस बर्तन में दही जमाया है उसे 6-7 घंटे के लिए बिल्कुल भी हिलाएं नहीं। दही जमकर एकदम सेट हो जाएगा।
चौथा स्टेप- सर्दियों में दही जमा रहे हैं तो बर्तन को किसी गर्म कपड़े से अच्छी तरह कवर कर दें। गर्मी में दही जमा रहे हैं तो इसे खुले और हवादार जगह पर रखें। हालांकि गर्म जगह पर दही जल्दी जमता है। इसलिए टेंपरेचर का ध्यान रखें। तेज गर्मी में दही 5-6 घंटे में ही जम जाता है।
अब दही को सेट होने के लिए थोड़ी देर फ्रिज में रख दें। तैयार है एकदम गाढ़ा, मलाईदार और स्वादिष्ट दही। इसे आप 1-2 दिन तक फ्रिज में रखकर खा सकते हैं। इस गाढ़े मलाईदार दही का स्वाद बच्चों को भी खूब पसंद आएगा।