शाम की चाय का वक्त हो और कुछ चटपटा, कुरकुरा खाने का मन करे, तो बाजार के समोसे-कचौड़ी हर किसी को याद आते हैं। लेकिन ये अनहेल्दी होते हैं जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसकी बजाय आप घर पर मूंग दाल का कटलेट बना सकते हैं। यह खाने में स्वादिष्ट और हेल्दी भी है। यह स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ प्रोटीन से भी भरपूर होते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान और क्विक रेसिपी, जिसे आप अभी सेव कर सकते हैं।
सामग्री
- धुली मूंग दाल: 1 कप (3-4 घंटे भीगी हुई)
- उबले आलू: 2 मध्यम आकार के (मैश किए हुए)
- बारीक कटा प्याज: 1 छोटा
- हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- मसाले: आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, 1 चम्मच चाट मसाला, स्वादानुसार नमक।
- बाइंडिंग के लिए: 2-3 चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी
- तेल: शैलो फ्राई या डीप फ्राई करने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का पूरा पानी निकाल लें। इसे मिक्सर में बिना पानी डाले दरदरा पीस लें। ध्यान रहे कि पेस्ट को एकदम बारीक या गीला नहीं करना है।
स्टेप 2
अब एक बड़े बर्तन में दरदरी पिसी हुई मूंग दाल और मैश किए हुए उबले आलू डालें। आलू इसमें अच्छी बाइंडिंग देने का काम करेंगे।
स्टेप 3
इस मिश्रण में कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरा धनिया और सभी सूखे मसाले जैसे लाल मिर्च, गरम मसाला, चाट मसाला, नमक डालकर अच्छी तरह हाथ से मिला लें।
स्टेप 4
मिश्रण को थोड़ा कड़ा बनाने के लिए इसमें ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी मिलाएं। इससे कटलेट बाहर से बेहद क्रिस्पी बनेंगे।
स्टेप 5
अब हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और मिश्रण में से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लेकर अपनी पसंद के अनुसार गोल, ओवल या टिक्की का आकार दें।
स्टेप 6
एक पैन में तेल गर्म करें। आप चाहें तो इन्हें डीप फ्राई कर सकते हैं या कम तेल में शैलो फ्राई भी कर सकते हैं। कटलेट्स को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें। फिर चटनी के साथ इसका लुत्फ उठाएं।