1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मछली खाने के हैं शौकीन तो ट्राय करें बिहारी स्टाइल फिश करी, यहां से नोट करें रेसिपी

मछली खाने के हैं शौकीन तो ट्राय करें बिहारी स्टाइल फिश करी, यहां से नोट करें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Jun 27, 2026 11:34 am IST,  Updated : Jun 27, 2026 11:34 am IST

बिहारी फिश करी अपने तीखे, चटपटे स्वाद और सरसों के अनोखे स्वाद के लिए जानी जाती है। इसे पारंपरिक रूप से 'रोहू' या 'कतला' मछली के साथ बनाया जाता है। यहां हम आपके लिए बिहारी स्टाइल फिश करी की रेसिपी लेकर आए हैं। नोट करें रेसिपी।

मछली खाने के हैं शौकीन तो ट्राय करें बिहारी स्टाइल फिश- India TV Hindi
मछली खाने के हैं शौकीन तो ट्राय करें बिहारी स्टाइल फिश Image Source : CHEF AMAN BISARIA/YOUTUBE

नॉनवेज लवर्स के बीच मछली की दीवानगी अलग ही देखने को मिलती है। मछली का स्वाद हर किसी को पसंद आता है, लेकिन कई लोग इसे बनाना नहीं जानते। अगर आप मछली खाने के शौकीन हैं और वही पुराना स्वाद चखकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार अपनी रसोई में बिहारी स्टाइल फिश करी जरूर ट्राई करें। बिहार की इस पारंपरिक फिश करी की सबसे बड़ी खासियत इसका खास मसाला है, जिसमें पीली सरसों और लहसुन का अच्छे से इस्तेमाल किया जाता है। सरसों के तेल में पकी यह तीखी, चटपटी और खुशबूदार करी आपके मुंह का स्वाद बदल देगी। यहां से फटाफट नोट करें मछली की आसान सी रेसिपी। 

सामग्री 

  • मछली (रोहू या कतला): 500 ग्राम 
  • पीली सरसों: 3 बड़े चम्मच
  • लहसुन की कलियां: 15-20 
  • प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
  • टमाटर: 2 बड़े 
  • सरसों का तेल: तलने और ग्रेवी के लिए
  • सूखे मसाले: 1 चम्मच हल्दी पाउडर, 1.5 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच जीरा पाउडर, आधा चम्मच मेथी दाना 
  • नमक: स्वादानुसार
  • हरा धनिया: बारीक कटा हुआ

बनाने का तरीका

स्टेप 1
सबसे पहले धुली हुई मछली के टुकड़ों में आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा नमक मिलाकर 15 से 20 मिनट के लिए रख दें।

स्टेप 2
इसके बाद मिक्सी के जार में पीली सरसों, लहसुन की कलियां और थोड़ा सा पानी डालकर एक बिल्कुल चिकना पेस्ट बना लें। यही इस रेसिपी की जान है।

स्टेप 3
एक कड़ाही में सरसों का तेल अच्छी तरह गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए तब इसमें मैरीनेट की हुई मछली को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। फिर इन्हें एक प्लेट में निकाल लें।

स्टेप 4
अब बचे हुए तेल में मेथी दाना डालें। जब मेथी चटकने लगे, तो कटा हुआ प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें सरसों-लहसुन का पेस्ट डालें और 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया और जीरा पाउडर डालकर मसालों को तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे।

स्टेप 5
अब भुने मसाले में कटे टमाटर और नमक डालें। टमाटर के पूरी तरह गलने और मसाले से खुशबू आने तक इसे पकाएं। इसके बाद ग्रेवी के लिए आवश्यकतानुसार पानी डालें और उबाल आने दें।

स्टेप 6
जब ग्रेवी उबलने लगे, तो इसमें फ्राई की हुई मछली डाल दें। धीमी आंच पर ढककर 5 से 7 मिनट तक पकने दें ताकि मछली ग्रेवी को सोख ले। फिर धनिया पत्ता से गार्निश करें और इसका आनंद उठाएं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल