चिली पोटैटो एक ऐसा स्नैक्स है जिसका नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को पसंद आता है। जब भी लोगों को चिली पोटैटो खाने का मन करता है तो लोग बाजार से खरीदकर खाते हैं। लेकिन बाजार में मिलने वाले चिली पोटैटो में अनहेल्दी होते हैं। ऐसे में आप घर पर ही 15 मिनट में मार्केट स्टाइल क्रिस्पी पोटैटो चिली बना सकते हैं। यहां हम आपके लिए आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- आलू: 3 बड़े
- कॉर्नफ्लोर: 3-4 चम्मच
- मैदा: 2 चम्मच
- लहसुन: 1 चम्मच
- अदरक: 1/2 चम्मच
- हरी मिर्च: 2
- प्याज: 1
- शिमला मिर्च: 1
- सोया सॉस: 1 चम्मच
- रेड चिली सॉस: 2 चम्मच
- टोमैटो केचप: 1 चम्मच
- सफेद तिल: 1 चम्मच
- नमक और काली मिर्च: स्वादानुसार
- तेल
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले आलू को छील लें और फिर इसे चिली पोटैटो वाले शेप में काट लें। कटे हुए आलुओं को पानी से धो लें। आलू को धोते वक्त बाउल में एक चम्मच विनेगर और आधा चम्मच नमक डालें। इसके बाद इन आलू एक बर्तन में निकाल लें। इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि इसका एक्सट्रा स्टार्च निकल जाए। अब एक बाउल में आलू लें। इसमें कॉर्नफ्लोर, मैदा, थोड़ा सा नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें ताकि आलुओं पर कोटिंग चढ़ जाए। इसके बाद कढ़ाई में तेल गरम करें और तेज आंच पर इन आलुओं को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई कर लें। इन्हें टिशू पेपर पर निकालें।
स्टेप 2
अब एक दूसरी कढ़ाई या पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल गरम करें। इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर तेज आंच पर 30 सेकंड के लिए भूनें। इसके बाद इसमें कटे हुए प्याज और शिमला मिर्च डालें। इन्हें तेज आंच पर सिर्फ 1 से 2 मिनट भूनें। अब गैस धीमी करें और इसमें सोया सॉस, रेड चिली सॉस, टोमैटो केचप, स्वादानुसार नमक और थोड़ी सी काली मिर्च डालकर अच्छे से मिलाएं।
स्टेप 3
इसके बाद इसमें थोड़ा सा पानी मिलाएं और इसे दो मिनट तक भूनें। अब वापस से आलू को फ्राई करें और इस सॉस में डालें और दो मिनट तक टॉस करके पकाएं। इसके बाद इसमें सफेद तिल डालें। अब इसे प्लेट में सर्व करें और आनंद उठाएं।