Thursday, February 26, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. जीवन मंत्र
  4. Hartalika Teej 2021: हरतालिका तीज पर बन रहा है महासंयोग, सुखी वैवाहिक जीवन के लिए अपनाएं ये उपाय

Hartalika Teej 2021: हरतालिका तीज पर बन रहा है महासंयोग, सुखी वैवाहिक जीवन के लिए अपनाएं ये उपाय

Written by: India TV Lifestyle Desk Published : Sep 08, 2021 12:39 pm IST, Updated : Sep 08, 2021 12:39 pm IST

हरतालिका तीज के व्रत में सुहागिन स्त्रियां माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करके उनसे अखंड सौभाग्य की प्रार्थना करती हैं।

हरतालिका तीज - India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/TARUNA_1297 हरतालिका तीज 

भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि  को हरितालिका का वृत किया जाता है, लिहाजा 9 सितंबर को यह त्योहार मनाया जाएगा। आपको बता दें,  तृतीया तिथि  रात 12 बजकर 18 मिनट तक रहेगी। हरतालिका तीज को गौरी तृतीया व्रत के नाम से भी जाना जाता है। 

शास्त्रों में निर्णयसिन्धु और अहल्याकामधेनु में इस व्रत का वर्णन मिलता है। आचार्य इंदु प्रकाश के मुताबिक, हरतालिका तीज व्रत अविवाहित कन्याओं द्वारा अच्छे पति की प्राप्ति के लिये और विवाहित महिलाएं अपने सौभाग्य में बढ़ोतरी के लिये करती है। ऐसी मान्यता है कि इस व्रत को सबसे पहले माता पार्वती ने भगवान शंकर को पति के रूप में पाने के लिए किया था।

Hartalika Teej 2021: 9 सितंबर को हरतालिका तीज, जानिए शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और व्रत कथा

 बन रहा है खास संयोग

हरितालिका तीज की रात 11 बजकर 27 मिनट तक शुक्ल योग रहेगा। इस योग के दौरान किये गये कार्यों में भगवान की कृपा से सफलता जरूर मिलती है। साथ ही दोपहर 2 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 10 सितंबर दोपहर 12 बजकर 58 मिनट तक सभी कार्यों में सफलता दिलाने वाला रवि योग रहेगा। इस योग के दौरान कोई काम करने से वह अवश्य ही पूरा होता है।

आचार्य इंदु प्रकाश के मुताबिक, इस योग के प्रभाव से आपके सारे काम बन सकते हैं। इस योग में किया गया कार्य जरूर सफल होता है। सूर्य के प्रभाव वाला ये योग बहुत ही प्रभावशाली है | सूर्य की ऊर्जा से भरपूर होने के कारण इस योग में किये गये कार्य को कोई बिगाड़ नहीं सकता है, अपितु ये शुभ फल ही देता है। रवि योग सभी कुयोगों को, अनिष्ट शक्तियों को नष्ट करने की अद्भुत शक्ति रखता है, लिहाजा इस योग में जो भी कार्य किये जाए, वो सफल जरूर होते हैं।

मेहंदी के बिना अधूरा है हरितालिका तीज का त्योहार, देखें लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन

हरितालिका तीज के दिन अपने सुख-सौभाग्य में बढ़ोतरी के लिये और एक अच्छे पति की प्राप्ति के लिये माता गौरी और भगवान शंकर की पूजा करनी चाहिए। इस व्रत के दौरान सौभाग्यवती महिलाएं लाल वस्त्र पहनकर, मेहंदी लगाकर सोलह श्रृंगार करती हैं और शिव-पार्वती की विधिवत पूजा करती हैं।

  • माता पार्वती और शिवजी को खुश करने के लिये अगर पूजा के साथ ही उनके निमित्त आज कुछ उपाय भी किये जाएं तो आपके बहुत से काम बन सकते हैं और आपकी खुशहाली को चार चांद लग सकते हैं। आचार्य इंदु प्रकाश से जानिए इन उपायों के बारे में। 
  • आप शिवलिंग पर जल में कच्चा दूध मिलाकर चढ़ाएं। साथ ही अगर आप अपने दाम्पत्य जीवन को खुशहाल बनाना चाहते हैं और जीवनसाथी के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करना चाहते हैं तो शिवलिंग पर कच्चा दूध मिला हुआ जल चढ़ाने के साथ-साथ अपने माथे पर रोली का तिलक भी लगाएं।
  • आप भगवान शिव को नमस्कार करके उन्हें आक के 5 फूल चढ़ाएं। साथ ही अगर आप अपने जीवनसाथी को आर्थिक रूप से स्ट्रांग देखना चाहते हैं तो इस दिन भगवान शिव को नमस्कार करके उन्हें आक के 5 फूल चढ़ा कर शिव चालीसा का पाठ करें।
  • इस दिन शिवलिंग पर शुद्ध जल चढ़ाएं। साथ ही अगर आप अपने शरीर को तंदरुस्त बनाये रखना चाहते हैं तो शिवलिंग पर शुद्ध जल चढ़ाने के साथ- साथ शिवजी को तिल और गोले से बनी मीठाई का भोग लगाएं। साथ ही ‘ऊँ’ शब्द का उच्चारण करें।
  • हरितालिका तीज के दिन दूध, दही, शहद, गंगाजल और शक्कर मिलाकर बने पंचामृत से भगवान शिव को भोग लगाएं। साथ ही अगर आप अपने किसी काम में पूरी तरह से सफलता पाना चाहते हैं तो उसके लिए भगवान शिव को पंचामृत का भोग लगाते समय थोड़ा-सा भोग बचाकर रख लें। अब बचे हुए भोग को किसी गाय के बछड़े या किसी बैल को भी खिला दें।
  • शिव मन्दिर में जाकर अक्षत, यानी बिना टूटे हुये चावल चढ़ाएं। साथ ही अगर अपने मन पसंद वर से विवाह बिना किसी अड़चन के सफल बनाना चाहते हैं तो  शिव मन्दिर में अक्षत चढ़ाइए और वहां के पुजारी से कहें कि वो उन चावलों में से एक मुट्ठी चावल निकालकर आपकी झोली में डाल दें 
  • जीवनसाथी का कोई महत्वपूर्ण काम बहुत दिनों से अटका हुआ है तो शाम के समय अपनी कामना पूर्ति के लिये शिव मन्दिर में तेल का एक दीपक जलाने के बाद 11 बार ‘ऊँ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप भी करें।
  • इस दिन बिल्व वृक्ष को प्रणाम करें। साथ ही अगर आपको बिजनेस डील फाइनल करने में किसी प्रकार की परेशानी आ रही है तो आज शिव-शंभु का नाम लेते हुए बिल्व वृक्ष के तने पर थोड़ा-सा गाय का देशी घी चढ़ाएं।
  • शिव जी के मन्दिर में जाकर बेल पत्रों से बनी माला चढ़ायें। साथ ही अगर आप अपनी किस्मत का सितारा चमकाना चाहते हैं तो आज शिव मन्दिर में बेल पत्रों की माला चढ़ाने के साथ ही प्रसाद के रूप में भगवान को केले का फल अर्पित करें।
  • शिवलिंग पर केले का फल चढ़ाइए। वहीं अगर आपके दाम्पत्य जीवन में मधुरता कम हो गयी है, तो मधुरता बढ़ाने के लिये आज केले के टुकड़ों को शहद में डुबोकर शिवलिंग पर चढ़ाइए |

Latest Lifestyle News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Religion से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल

Advertisement
Advertisement
Advertisement